Rishikesh Train Accident: उत्तराखंड के ऋषिकेश रेलवे स्टेशन यार्ड में उज्जैनी एक्सप्रेस के साथ बड़ा हादसा हो गया। ट्रेन शंटिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई और दीवार तोड़ते हुए इंजन समेत कुछ कोच पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेलवे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि उस समय ट्रेन पूरी तरह खाली थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
शंटिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 14317 उज्जैनी एक्सप्रेस की स्टेशन यार्ड में शंटिंग की जा रही थी। यह प्रक्रिया ट्रेन को रवाना करने से पहले की जा रही थी। बताया गया कि ट्रेन को सुबह करीब छह बजे रवाना होना था। इसी दौरान रात करीब दस बजे हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, तकनीकी टीम और आरपीएफ मौके पर पहुंच गए।
तकनीकी खराबी बनी वजह
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक सिस्टम में तकनीकी खराबी मानी जा रही है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक अचानक नियंत्रण बिगड़ने से इंजन के पहिए पटरी से उतर गए और ट्रेन आगे बढ़ते हुए दीवार से जा टकराई। हालांकि रेलवे ने अभी अंतिम कारण साफ नहीं किया है और जांच जारी है।
#WATCH | Rishikesh, Uttarakhand | Morning visuals from the spot where three coaches of the Ujjaini Express derailed in the Khand village area near the Yog Nagari Rishikesh Railway Station yesterday night. No passengers were on board the train at the time of the accident. pic.twitter.com/TRjraIEi1G
— ANI (@ANI) May 19, 2026
रेलवे और आरपीएफ ने शुरू की जांच
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि इंजन के पहिए डिरेल हुए हैं और तकनीकी टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं आरपीएफ अधीक्षक सरोज कुमार ने कहा कि हादसे के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि शंटिंग प्रक्रिया के दौरान यह घटना हुई और सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस और रेलवे की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रेलवे की सुरक्षा और तकनीकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। अगर ट्रेन में यात्री मौजूद होते तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। फिलहाल रेलवे प्रशासन ट्रेन के ब्रेक सिस्टम और शंटिंग प्रक्रिया की तकनीकी जांच में जुटा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह साफ हो पाएगी।
Read More:

