US Iran Peace Talks In Islamabad: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में 11 बजे अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता होने वाली है जिसमें पाकिस्तान ने भारत और इजरायल के पत्रकारों कवरेज की अनुमति नहीं दी है। शांति वार्ता से कुछ घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास बातचीत के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है और वह “सिर्फ बातचीत के लिए ही जिंदा है।” ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच तनाव के बीच पहली बड़ी वार्ता होने जा रही है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका की चिंता
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए ईरान पर आरोप लगाया कि वह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान दुनिया को डराकर आर्थिक दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अमेरिका इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।
‘नियमों का पालन करे ईरान’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि ईरान को अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करना ही होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि ईरान सहयोग नहीं करता है, तब भी अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए कदम उठाएगा। ट्रंप ने यह आरोप भी लगाया कि ईरान बातचीत में कुछ और कहता है और सार्वजनिक मंचों पर अलग रुख अपनाता है। उनके मुताबिक, ईरान एक तरफ परमाणु कार्यक्रम सीमित करने की बात करता है, जबकि दूसरी ओर यूरेनियम संवर्धन जारी रखने के संकेत देता है।
इस्लामाबाद पहुंचे जेडी वेंस
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी टीम के साथ इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं। वे यहां ईरानी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया में पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और दोनों देशों के बीच समझौता कराने की कोशिश कर रहा है।
विफलता की स्थिति में बढ़ सकता है तनाव
ट्रंप ने संकेत दिया कि अगर यह वार्ता सफल नहीं होती है, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी युद्धपोत पहले से तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की जा सकती है। यह बयान साफ दर्शाता है कि अमेरिका इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाए हुए है और किसी भी स्थिति के लिए तैयार है।
वैश्विक नजरें वार्ता पर
अमेरिका और ईरान के बीच यह बातचीत न केवल क्षेत्रीय बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अहम मानी जा रही है। खासकर ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार के लिहाज से होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।
Read More:
पुलिस की वर्दी पहनकर देता था झूठे केस में फंसाने की धमकी, पत्नी संग मिलकर करता था लाखों की वसूली

