Saturday, February 14, 2026
HomeCurrent NewsSC के पूर्व जज सुदर्शन रेड्डी होंगे विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के...

SC के पूर्व जज सुदर्शन रेड्डी होंगे विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार

विपक्षी दल इंडिया अलायंस ने उपराष्ट्रपति पद के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार (19 अगस्त) को सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी के नाम की घोषणा की। कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने बताया कि उनका नाम सर्वसम्मति से तय किया गया है। सुदर्शन रेड्डी का मुकाबला अब NDA उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से होगा। उपराष्ट्रपति पद का चुनाव दिलचस्प होने वाला है, क्योंकि दोनों ही उम्मीदवार दक्षिण भारत से हैं।

इंडिया अलायंस की ओर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “बी. सुदर्शन रेड्डी भारत के सबसे सम्मानित न्यायविदों में से एक हैं। उनका कानूनी करियर लंबा रहा है। इस दौरान उन्होंने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में कार्य किया है। उन्होंने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के लिए निरंतर काम किया है।”

इंडिया अलायंस के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी कौन हैं?

बी. सुदर्शन रेड्डी का जन्म 8 जुलाई 1946 को आंध्र प्रदेश के रंगा रेड्डी जिले के अकुला मेलाराम गाँव में हुआ था। वह एक किसान परिवार से आते हैं। सुदर्शन रेड्डी अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद हैदराबाद चले गए और 1971 में उस्मानिया विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। सुदर्शन रेड्डी पूर्व न्यायाधीश होने के अलावा, गोवा के पहले लोकायुक्त भी रहे हैं।

बी सुदर्शन रेड्डी का करियर कैसा रहा?

रेड्डी ने अपने करियर की शुरुआत दीवानी और संवैधानिक मामलों की पैरवी से की। उन्होंने 1988-90 के दौरान उच्च न्यायालय में सरकारी वकील के रूप में काम किया। रेड्डी ने 1990 में 6 महीने के लिए केंद्र सरकार के अतिरिक्त स्थायी वकील की भूमिका भी निभाई। 1995 में उन्हें आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद, 2005 में उन्हें गुवाहाटी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 2007 में वे सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश बने और 2011 में सेवानिवृत्त हुए।

उपराष्ट्रपति चुनाव में रेड्डी बनाम राधाकृष्णन

NDA ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है। दिलचस्प बात यह है कि इस चुनाव के दोनों उम्मीदवार दक्षिण भारत से हैं। राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में हुआ था। वहीं, इंडिया अलायंस के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी आंध्र प्रदेश से हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments