West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए दक्षिण 24 परगना जिले की फालटा विधानसभा सीट पर दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है। अब 4 मई को राज्य की बाकी 293 सीटों के नतीजे घोषित किए जाएंगे, जबकि फालटा सीट का परिणाम 24 मई को जारी किया जाएगा। यह फैसला मतदान के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद लिया गया है।
21 मई को होगी वोटिंग
चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार, फालटा विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों और सहायक बूथों पर 21 मई 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक दोबारा मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 24 मई को मतगणना होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह कदम लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली गंभीर शिकायतों के मद्देनजर उठाया गया है।
ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप
29 अप्रैल को मतदान के दौरान फालटा सीट से विवादित खबरें सामने आई थीं। भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया था कि कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में उनके चुनाव चिन्ह ‘कमल’ को टेप से ढक दिया गया था। इस मामले ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए, जिसके बाद तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई।
सुरक्षा बढ़ाने की आई नौबत
मतदान के दिन कुछ बूथों पर झड़प और गड़बड़ी की खबरें भी आई थीं। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPF) की तैनाती बढ़ाई गई, लगातार पेट्रोलिंग की गई और बूथों पर निगरानी तेज की गई। इलाके में अतिरिक्त जवानों की आवाजाही और सायरन वाले वाहनों की मौजूदगी भी बढ़ा दी गई थी।
टीएमसी पर बीजेपी के गंभीर आरोप
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बीजेपी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए थे। पार्टी का कहना था कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है। हालांकि, इस मामले पर अंतिम निर्णय चुनाव आयोग ने जांच के बाद लिया।
2 मई को 15 बूथों पर हुई थी पुनर्मतदान
इससे पहले 2 मई को दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट (पश्चिम) और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के कुल 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया गया था। शाम 5 बजे तक इन बूथों पर औसत मतदान 86.90 प्रतिशत दर्ज किया गया। मगराहाट पश्चिम के 11 बूथों पर 86.11 प्रतिशत और डायमंड हार्बर के 4 बूथों पर 87.60 प्रतिशत मतदान हुआ।
इन बूथों पर दोबारा डाले गए वोट
मगराहाट (पश्चिम) में बूथ संख्या 46, 126, 127, 128, 142, 214, 215, 216, 230, 231 और 232 पर पुनर्मतदान हुआ। वहीं डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 117, 179, 194 और 243 पर भी वोटिंग दोबारा कराई गई।
रिकॉर्ड मतदान ने बनाया इतिहास
इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतदान का नया रिकॉर्ड भी बना है। 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को हुए दो चरणों के मतदान में औसत वोटिंग प्रतिशत 93 फीसदी तक पहुंच गया, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक बताया जा रहा है। इससे पहले देश में सबसे ज्यादा मतदान का रिकॉर्ड त्रिपुरा के नाम था, जहां 2013 विधानसभा चुनाव में 91.82 प्रतिशत मतदान हुआ था।
Read More:

