शादियों में डीजे की तेज आवाज आम बात है लेकिन सुल्तानपुर(Sultanpur Wedding) के बल्दीराय थाना क्षेत्र में इसी शोर के चलते ऐसी घटना सामने आई जिसे जानकर हर कोई हैरान रह जाए। दरियापुर गांव में एक बारात के दौरान बज रहे तेज डीजे की वजह से पास के एक पोल्ट्री फार्म में 140 मुर्गियों की मौत हो गई। यह मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक, दरियापुर निवासी बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की शादी 25 अप्रैल को थी। बारात कुड़वार क्षेत्र के राम भद्र पुरवा गांव से आई थी। बारात में डीजे काफी तेज आवाज में बजाया जा रहा था। जब जुलूस साबिर अली के पोल्ट्री फार्म के सामने से गुजरा, तो तेज ध्वनि और कंपन से फार्म के अंदर मौजूद मुर्गियां बुरी तरह घबरा गईं।
फार्म मालिक ने क्या कहा ?
फार्म मालिक साबिर अली का कहना है कि तेज आवाज के कारण मुर्गियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कुछ ही समय में 140 मुर्गियां मर गईं। उनका आरोप है कि उन्होंने डीजे की आवाज कम करने के लिए कहा था, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद साबिर अली ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया। उपनिरीक्षक भरत सिंह ने कुड़वार के परसीपुर निवासी डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश हो रही है कि तेज आवाज और कंपन ही मौत की वजह बने या इसके पीछे कोई और कारण भी था।