HomeBreaking Newsलुधियाना में कोर्ट से लौट रही महिला वकील को तेज रफ्तार कार...

लुधियाना में कोर्ट से लौट रही महिला वकील को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, CCTV में कैद हुई घटना

पंजाब(Punjab) के लुधियाना से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में युवा वकील शिवानी की जान चली गई। बताया जा रहा है कि शिवानी जिला अदालत से अपना काम खत्म कर एक्टिवा पर घर लौट रही थीं तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें हादसे की भयावह तस्वीर साफ दिखाई दे रही है।

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना पीएयू के पास लाज विकास क्लब कट जिसे सागू चौक के नाम से भी जाना जाता है वहां हुई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि स्लेटी रंग की एक होंडा अमेज कार तेज गति से मोड़ काटते हुए आई और सीधे शिवानी की एक्टिवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवानी सड़क पर दूर तक घिसटती चली गईं। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें संभालने की कोशिश की।

जीजा ने बताई आंखों देखी

हादसे के समय घटनास्थल के पास मौजूद शिवानी के जीजा सुमित बवेजा ने बताया कि वह किसी काम से फिरोज गांधी मार्केट गए थे और लौटते समय उन्होंने यह हादसा अपनी आंखों के सामने होते देखा। उनके मुताबिक, टक्कर के बाद कार में सवार महिला चालक और उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति तुरंत बाहर निकले। गंभीर रूप से घायल शिवानी को उसी कार में बैठाकर दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMC) ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद महिला चालक ने अपना नाम प्रगति धीर बताया, लेकिन कुछ देर बाद मौका देखकर वहां से चली गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

शिवानी की मौत ने उनके परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। पुलिस को दिए बयान में उनकी मां ने बताया कि परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। उनके पति शिव चंद्र ब्रेन हैमरेज के बाद से कोमा में हैं। परिवार में दो बेटियां थीं जिनमें बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है जबकि शिवानी घर की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रही थीं। वह जिला अदालत में वकालत कर रही थीं और साथ ही न्यायिक सेवा परीक्षा की तैयारी भी कर रही थीं। परिवार को उम्मीद थी कि वह भविष्य में जज बनकर परिवार का सहारा बनेंगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं लेकिन इसके बावजूद ट्रैफिक नियमों का पालन सख्ती से नहीं कराया जा रहा। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है और वे दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी महिला चालक की तलाश जारी है। वहीं, शिवानी की असमय मौत से उनके परिवार, दोस्तों और साथी वकीलों में गहरा शोक व्याप्त है।

यह भी पढ़ें : पर्यावरण संरक्षण की अनोखी मिसाल, लखनऊ में करीब 70 जज साइकिल…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments