दिल्ली के पॉश इलाके कालकाजी(Kalkaji) में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 48 वर्षीय मंजीत सिंह के तौर पर हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मंजीत सिंह कालकाजी के एल ब्लॉक स्थित एक प्रॉपर्टी के सिलसिले में वहां पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी जान चली गई।
बताया जा रहा है कि घटना के पीछे प्रॉपर्टी से जुड़ा विवाद हो सकता है। हालांकि, हत्या की असली वजह और घटना में शामिल लोगों के बारे में पुलिस की जांच जारी है।
भाई पर भी किया गया हमला
मंजीत सिंह के साथ उनका भाई भी मौके पर मौजूद था। परिजनों के मुताबिक, हमलावरों ने उस पर भी हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक के भाई दिलबाग ने बताया कि शनिवार देर शाम परिवार को मंजीत के साथ झगड़े की जानकारी मिली थी। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ एल ब्लॉक पहुंचे। वहां उन्होंने मंजीत को सड़क पर घायल हालत में पड़ा देखा।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजनों के मुताबिक, मंजीत के शरीर से खून निकल रहा था। इसके बाद उन्हें और घायल भाई को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मंजीत को मृत घोषित कर दिया जबकि उनके भाई का इलाज जारी है। मंजीत की बहन का आरोप है कि उनके भाई की पीट-पीटकर हत्या की गई।
उन्होंने बताया कि मंजीत प्रॉपर्टी का काम करते थे और इसी काम के सिलसिले में वह एल ब्लॉक गए थे। मंजीत के परिवार में उनकी मौत के बाद मातम पसरा हुआ है। उनके दो बच्चे भी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या की परिस्थितियों तथा कथित संपत्ति विवाद से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।