दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस(DU South Campus) स्थित नॉर्थ ईस्ट हॉस्टल में खाने की गुणवत्ता को लेकर छात्रों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब मेस में परोसे गए भोजन में कथित तौर पर कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया। इस घटना के बाद मंगलवार को छात्रों ने हॉस्टल प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और मेस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में लंबे समय से खाने की गुणवत्ता खराब है लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
NSUI कार्यकर्ता ने लगाए आरोप
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने आरोप लगाया कि मेस में साफ-सफाई का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जाता। छात्र संगठन NSUI से जुड़े कार्यकर्ता वीर चतरथ ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। उनके मुताबिक, इससे पहले भी कई बार खाने में गंदगी और अस्वच्छ चीजें मिलने की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि छात्रों ने पहले भी कैंटीन और मेस के टेंडर में बदलाव की मांग की थी लेकिन प्रशासन ने उस पर ध्यान नहीं दिया। हालांकि हालिया विरोध प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने व्यवस्था सुधारने और टेंडर प्रक्रिया की समीक्षा का आश्वासन दिया है।
वीर चतरथ ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले छात्रों को दिए गए डोसे में गुटखे का पैकेट मिला था। इस घटना ने छात्रों को और ज्यादा नाराज कर दिया। छात्रों ने सवाल उठाया कि हॉस्टल जैसी जगह पर गुटखा आखिर पहुंच कैसे रहा है और खाने की तैयारी के दौरान इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो सकती है। जिस छात्र के खाने में कॉकरोच मिलने की बात कही जा रही है उसने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उसे डराने और चुप रहने के लिए दबाव बनाया गया। छात्र का कहना है कि खराब खाना खाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे दो बार उल्टी भी हुई। इसके बाद अन्य छात्र भी उसके समर्थन में सामने आए और हॉस्टल परिसर में विरोध शुरू हो गया। छात्रों ने मांग की कि मेस की नियमित जांच कराई जाए और खाने की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी हुआ विवाद
दिल्ली यूनिवर्सिटी में खाने की गुणवत्ता को लेकर विवाद पहले भी सामने आते रहे हैं। हाल ही में मिरांडा हाउस कॉलेज के हॉस्टल में भी छात्राओं ने मेस के भोजन को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। छात्राओं का कहना था कि उन्हें जो खाना दिया जा रहा था, वह न तो स्वादिष्ट था और न ही स्वास्थ्य के मानकों के अनुरूप। कई छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता को बेहद खराब बताते हुए प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की थी।
इसी तरह कुछ समय पहले दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के हॉस्टल मेस में भी खाने में कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया था। वहां रेजीडेंट डॉक्टरों और छात्रों ने दाल में कॉकरोच मिलने और खराब सलाद पर नाराजगी जताई थी। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने कैंटीन और मेस की स्वच्छता जांच शुरू कराई थी।