दिल्ली विश्वविद्यालय(Delhi University) छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। चुनाव प्रचार और छात्र संगठनों की गतिविधियों के बाद अब दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने नॉर्थ कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। एडिशनल डीसीपी पुखराज के गुप्ता ने बताया कि पूरे नॉर्थ कैंपस को 5 जोन और 23 सेक्टर में बांटा गया है।
हर जोन की जिम्मेदारी एसीपी स्तर के अधिकारी को दी गई है जबकि हर सेक्टर की निगरानी इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी करेंगे। इसके साथ ही सभी कॉलेजों के गेट और चेकप्वाइंट पर पुलिस पिकेट के साथ बैरिकेड लगाए गए हैं ताकि बिना अनुमति किसी के भी आने पर रोक लगाई जा सके। हालांकि, कैंपस पूरी तरह बंद नहीं रहेगा। निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोग और वाहन अंदर आ-जा सकेंगे और छात्र बिना परेशानी के मतदान कर सकेंगे।
1.51 लाख से ज्यादा छात्र करेंगे मतदान
इस चुनाव में कुल 151,842 वोटर चार केंद्रीय पदों के लिए वोट डालेंगे। वोटिंग के लिए 52 कॉलेजों और सेंटरों में इंतज़ाम किए गए हैं। चुनाव में 830 बैलेट यूनिट और 281 कंट्रोल यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा।
सुबह की शिफ्ट के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक वोट डाल सकते हैं जबकि शाम की शिफ्ट के छात्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:30 बजे के बीच वोट डाल सकते हैं। वोटिंग के लिए कॉलेज का आइडेंटिटी कार्ड साथ लाना ज़रूरी है।
तकनीकी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई
मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए 12 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। किसी मतदान केंद्र पर तकनीकी समस्या या शिकायत मिलने पर संबंधित टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने चुनावी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की हैं।
चार पदों पर 20 उम्मीदवार
डूसू के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए कुल 20 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर सात उपाध्यक्ष पर पांच जबकि सचिव और संयुक्त सचिव पद पर चार-चार उम्मीदवार हैं। विभिन्न छात्र संगठनों ने अपने-अपने पैनल मैदान में उतारे हैं।
19 सितंबर को होगी मतगणना
मतदान समाप्त होने के बाद चुनाव से जुड़ी मशीनों और रिकॉर्ड को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। शनिवार, 19 सितंबर को मतगणना होगी और उसी दिन चारों केंद्रीय पदों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। प्रशासन और पुलिस ने चुनाव के दौरान शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं।