Delhi CAPF Deployment: दिल्ली में संभावित विरोध प्रदर्शनों और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की तैनाती आगे भी जारी रखने की तैयारी है। दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर 20 अक्टूबर तक CAPF की 273 कंपनियों को राजधानी में बनाए रखने का अनुरोध किया है। पुलिस के मुताबिक, संवेदनशील स्थानों पर संभावित प्रदर्शनों को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल जरूरी है।
पहले 301 कंपनियों को मिली थी मंजूरी
दिल्ली में CAPF की कुल 301 कंपनियों की तैनाती को मंजूरी दी गई थी। इनमें 221 कंपनियों को 6 अक्टूबर और 80 कंपनियों को 8 अक्टूबर को मंजूरी मिली थी। इन बलों की तैनाती की तय समयसीमा 12 अक्टूबर तक थी। अब दिल्ली पुलिस ने इस समयसीमा के बाद भी 273 कंपनियों को दिल्ली में रोकने की मांग की है।
CJP समेत कई संगठनों के प्रदर्शन का खतरा
पुलिस ने गृह मंत्रालय को भेजे पत्र में CJP और अन्य संगठनों के संभावित प्रदर्शनों का हवाला दिया है। इसके अलावा भीम आर्मी, छात्र संगठनों और दूसरे राजनीतिक संगठनों की ओर से प्रदर्शन किए जाने की आशंका भी जताई गई है। पुलिस का मानना है कि इन प्रदर्शनों के चलते राजधानी के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की जरूरत पड़ सकती है।
जंतर-मंतर से संसद तक नजर
दिल्ली पुलिस के अनुसार, संभावित प्रदर्शनकारियों के निशाने पर जंतर-मंतर, चुनाव आयोग, संसद भवन और इंडिया गेट जैसे अहम स्थान हो सकते हैं। इसके अलावा मंत्रियों के कार्यालयों और आवासों के बाहर भी प्रदर्शन की आशंका जताई गई है। ऐसे में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए CAPF की तैनाती बढ़ाने का अनुरोध किया गया है।
28 कंपनियां समय पर नहीं कर पाईं रिपोर्ट
CAPF की उपलब्धता को लेकर दिल्ली पुलिस के सामने एक और चुनौती भी है। मंजूर की गई 80 अतिरिक्त कंपनियों में से 28 कंपनियां 12 अक्टूबर तक दिल्ली पुलिस को रिपोर्ट नहीं कर पाई थीं। ऐसे में राजधानी में उपलब्ध सुरक्षा बलों की संख्या और उनकी तैनाती को लेकर दबाव बना हुआ है। इसी वजह से पुलिस ने 273 कंपनियों को 20 अक्टूबर तक रोकने की मांग की है।
चुनाव आयोग के मुद्दे पर लगातार प्रदर्शन
दिल्ली में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। बीते दिन इंडिया गठबंधन के नेताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया था। इससे पहले भी राजधानी में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज रही हैं।
जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन की कोशिश
मंगलवार सुबह एक बार फिर जंतर-मंतर पर CJP के नेताओं ने प्रदर्शन का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सौरभ दास और आशुतोष रांका समेत कई लोगों को डिटेन किया। इन मामलों को देखते हुए दिल्ली पुलिस को आशंका है कि आने वाले दिनों में प्रदर्शन बढ़ सकते हैं। इसी आधार पर गृह मंत्रालय से 20 अक्टूबर तक CAPF की अतिरिक्त तैनाती जारी रखने की मांग की गई है।
Read More:
इजरायल जा रहे डेल्टा एयरलाइंस के विमान में बम की सूचना, सभी यात्रियों को उतारा सुरक्षित


[…] […]