Bihar में बर्ड फ्लू ने दी दस्तक, खतरे में आए सैंकड़ों कौवे…
बिहार के भागलपुर जिले के नौगछिया इलाके में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। कई मरे हुए कौवे मिलने के बाद टेस्ट किए गए, जिसमें इन्फेक्शन का पता चला। जिले के पशुपालन अधिकारी ने इस प्रकोप की पुष्टि की है।
बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया क्षेत्र में बर्ड फ्लू को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इलाके में कुछ कौवों के मृत मिलने के बाद संदेह गहराया, जिसके बाद उनके सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसकी जानकारी जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अंजली कुमारी सिन्हा ने दी।
बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय हैं।
प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी बीमार या मृत पक्षी के संपर्क में न आएं। अगर कहीं पक्षी मृत अवस्था में दिखाई दें, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन या पशुपालन विभाग को दें।
बिना सुरक्षा उपायों के मृत पक्षियों को छूने या हटाने से बचने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही नवगछिया और आसपास के इलाकों में स्थित पोल्ट्री फार्मों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है।
स्वच्छता पर विशेष जोर
मुर्गी फार्म संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और किसी भी तरह की बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में कंटेनमेंट जोन बनाए जाने की भी तैयारी है, ताकि संक्रमण को सीमित क्षेत्र तक ही रोका जा सके।
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से घबराने की बजाय सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें : भारत से मैच के बहिष्कार पर ICC सख्त...
What's Your Reaction?