HomeBreaking Newsत्योहारों पर यूपी में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 34 कंपनी और एक...

त्योहारों पर यूपी में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 34 कंपनी और एक प्लाटून PAC तैनात…

आगामी त्योहारों को देखते हुए उत्तर प्रदेश(UP News) में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है। इसके तहत प्रदेश के 45 पुलिस कमिश्नरेट, जिलों और जीआरपी थानों में कुल 34 कंपनी और एक प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि उपलब्ध कराए गए सुरक्षा बल का इस्तेमाल स्थानीय जरूरत और परिस्थितियों के अनुसार किया जाए।

भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों, घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा पुलिसकर्मी पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। प्रशासन को स्थानीय खुफिया तंत्र सक्रिय रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि पुलिस बल लगातार क्षेत्र में भ्रमण करता रहे, ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

प्रमुख शहरों को मिली PAC की जिम्मेदारी

सुरक्षा व्यवस्था के तहत लखनऊ और वाराणसी कमिश्नरेट को दो-दो कंपनी पीएसी आवंटित की गई हैं। अयोध्या को भी दो कंपनी दी गई हैं। वहीं कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, मुरादाबाद और आजमगढ़ में एक-एक कंपनी तैनात की जाएगी। अलीगढ़ को दो कंपनी, जबकि चित्रकूट को तीन कंपनी और दो प्लाटून पीएसी उपलब्ध कराई गई हैं।

अयोध्या और चित्रकूट में विशेष सुरक्षा व्यवस्था

अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सात एएसपी, 20 डीएसपी, 27 निरीक्षक, 70 उपनिरीक्षक और 325 पुरुष व महिला आरक्षियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ पीएसी, आरएएफ, एटीएस, एनएसजी और एसडीआरएफ की टीमें भी सुरक्षा में सहयोग करेंगी। वहीं चित्रकूट में दीपावली अमावस्या मेले के मद्देनजर तीन कंपनी और दो प्लाटून पीएसी तैनात रहेंगी।

यहां बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और एसडीआरएफ की टीमें भी मौजूद रहेंगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात व्यवस्था संभालने हेतु अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। कुल मिलाकर, त्योहारों के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रदेशभर में पुलिस प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें : परविंदर झोटा का आज होगा पोस्टमार्टम, 22 दिन बाद खत्म हुआ प्रदर्शन, आधी रात PGI…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments