Manoj Murder Case in Rewari: हरियाणा के रेवाड़ी में मनोज उर्फ गोलू हत्याकांड के बाद फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गोकलगढ़ बाईपास स्थित रेलवे फ्लाईओवर के नीचे देर रात करीब 1:50 बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर करीब पांच राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक गोली एएसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि दो गोलियां इंस्पेक्टरों के कान के पास से निकल गईं। पुलिस ने आरोपियों से एक देशी पिस्टल और एक देशी कट्टा बरामद किया है।
गोकलगढ़ बाईपास पर पुलिस ने की घेराबंदी
डीएसपी बावल सज्जन सिंह के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि मनोज हत्याकांड के मुख्य आरोपी मनिंदर उर्फ बुटर और हन्नी अवैध हथियारों के साथ गोकलगढ़ बाईपास पर घूम रहे हैं। यह भी जानकारी मिली थी कि दोनों यशपाल और अभिषेक की हत्या करने की फिराक में हैं।
सूचना के आधार पर सीआईए रेवाड़ी प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। इसमें एसआई देवेंद्र कुमार, एएसआई अक्षय कुमार, एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र और चालक ईएचसी अजय कुमार शामिल थे। बाद में सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा को भी टीम के साथ मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने गोकलगढ़ बाईपास टी-प्वाइंट और रेलवे फ्लाईओवर के नीचे नाकाबंदी कर दी।
आत्मसमर्पण की चेतावनी के बाद बदमाशों ने की फायरिंग
पुलिस को रेलवे फ्लाईओवर के नीचे दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस वाहनों की लाइट देखकर दोनों पिलर की तरफ भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें घेर लिया और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपियों ने हथियार डालने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
डीएसपी के अनुसार, बदमाशों ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली एएसआई सुनील कुमार की छाती पर पहनी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। वहीं, एक गोली निरीक्षक योगेश हुड्डा और दूसरी निरीक्षक संजय कुमार के कान के पास से निकल गई। पुलिस की चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर दोनों निरीक्षकों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें मनिंदर उर्फ बुटर और हन्नी के पैरों में गोली लगी और दोनों जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 7 आपराधिक मामले
पुलिस ने तलाशी के दौरान मनिंदर उर्फ बुटर के पास से एक देशी पिस्टल और हन्नी के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद किया। घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। घायल आरोपियों को प्राथमिक उपचार के बाद सामान्य अस्पताल रेवाड़ी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मनिंदर उर्फ बुटर के खिलाफ रेवाड़ी के थाना सदर, शहर और मॉडल टाउन में मारपीट, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से सात मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ के संबंध में थाना रामपुरा में सरकारी कार्य में बाधा डालने, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अलग से मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के स्वस्थ होने के बाद उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर हत्याकांड और अन्य आपराधिक वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
बाइक रिपेयरिंग सेंटर पर मनोज को मारी गई थी गोली
गोकलगढ़ गांव निवासी मनोज बुधवार दोपहर अपनी बाइक ठीक कराने गरिमा बाइक रिपेयरिंग सेंटर गया था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। एक गोली मनोज के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे पहले नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां शाम करीब पांच बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
सात युवकों के खिलाफ दर्ज हुआ था हत्या का केस
मनोज के पिता सुरेश की शिकायत पर पुलिस ने सात युवकों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार, मनिंद्र, महेश और विशाल ने वारदात को अंजाम दिया था। वहीं, अनुज उर्फ डॉ., तरुण उर्फ तन्नू और हर्ष पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है। राहुल पर वारदात से पहले मनोज की रेकी करने का आरोप लगाया गया था। शिकायत के मुताबिक, मनिंद्र ने मनोज को गोली मारी थी। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और उनके सहयोगियों की जानकारी जुटाएगी।
Read More:


[…] रेवाड़ी में मनोज हत्याकांड के दो मुख्य … […]