पंजाब के नवांशहर(Nawanshahr) जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंगा के पास मजारी गांव के नजदीक मनाली से लौट रही पर्यटकों और छात्रों से भरी एक टूरिस्ट बस अचानक बेकाबू होकर फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। बस में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बस में बड़ी संख्या में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के छात्र मौजूद थे। इनके अलावा कुछ अन्य पर्यटक भी बस में सवार थे। सभी मनाली घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
नींद की झपकी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि लंबी दूरी तक बस चलाने के दौरान चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। इसके चलते चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। तेज रफ्तार बस फ्लाईओवर की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस को काफी नुकसान पहुंचा।
चालक समेत तीन की मौत
शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में बस चालक और LPU का एक छात्र शामिल है। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों और राहगीरों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को बस से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की वास्तविक परिस्थितियों और बस के अनियंत्रित होने के कारणों की भी जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान और घायलों से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने का काम जारी है।