HomeBreaking NewsUttar Pradesh : आजमगढ़ में घर के अंदर खूनी वारदात, पत्नी-बेटे समेत...

Uttar Pradesh : आजमगढ़ में घर के अंदर खूनी वारदात, पत्नी-बेटे समेत 4 की हत्या, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी ढेर

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में मंगलवार देर शाम एक ही परिवार से जुड़ी बेहद गंभीर वारदात सामने आई। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में अरविंद सिंह नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी, बेटे और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में पुलिस के साथ हुई जवाबी फायरिंग में आरोपी भी घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना में कुल पांच लोगों की जान गई है।

पूजा को लेकर नाराज था आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अरविंद सिंह के दिवंगत भाई सुनील सिंह की आत्मा की शांति के लिए घर पर पूजा का आयोजन कराया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर अरविंद नाराज हो गया। आरोप है कि उसने अपनी राइफल से फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में उसकी पत्नी बबिता सिंह (40) और पूजा कराने आए पुजारी महेंद्र पाठक (42) तथा अखिलेश मिश्रा (55) की मौत हो गई।

बच्चों को कमरे में किया बंद
वारदात के बाद अरविंद अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर के एक कमरे में चला गया और अंदर से खुद को बंद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसके साथ तीन बच्चे भी मौजूद थे। पुलिस टीम ने घर को चारों तरफ से घेर लिया और आरोपी को समझाकर बाहर लाने की कोशिश शुरू की।

कई घंटे तक पुलिस करती रही बातचीत
पुलिस ने आरोपी से आत्मसमर्पण करने और बच्चों को सुरक्षित बाहर भेजने की अपील की। उसे समझाने के लिए परिवार के लोगों की भी मदद ली गई। हालांकि, आरोपी बाहर आने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, उसने पुलिसकर्मियों और परिवार के सदस्यों को गोली मारने की धमकी दी और बच्चों को भी नुकसान पहुंचाने की बात कही।

बेटे को गोली मारने के बाद बढ़ा तनाव
काफी देर तक चले गतिरोध के बीच कमरे से गोली चलने की आवाज आई। पुलिस के अनुसार, अरविंद ने अपने करीब 10 वर्षीय बेटे को गोली मार दी थी। इसके बाद पुलिसकर्मी तत्काल कमरे के भीतर पहुंचे। पुलिस का दावा है कि अंदर पहुंचते ही आरोपी ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस ने आरोपी को हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। उसे रोकने के लिए हवा में भी गोली चलाई गई, लेकिन वह फायरिंग करता रहा। इसके बाद बच्चों की सुरक्षा और पुलिसकर्मियों की जान बचाने के लिए जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें अरविंद घायल हो गया।

अस्पताल में आरोपी और बेटे की मौत
पुलिस ने घायल अरविंद को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, गोली लगने से उसके बेटे की भी मौत हो चुकी थी। कमरे में मौजूद दो अन्य बच्चों में से एक बच्ची के नीचे गिरने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस कर रही घटना के कारणों की जांच
पुलिस ने सभी मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के मुताबिक, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पूजा को लेकर विवाद किस वजह से शुरू हुआ और वारदात के पीछे अन्य कोई कारण था या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Read More:

‘समझौता करे वरना तबाह कर देंगे…’, UNGA में ट्रंप का ईरान को अल्टीमेटम! बोले- परमाणु हथियार नहीं बनने देंगे

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments