Amritsar News: पंजाब के अमृतसर में 100 फुटी रोड स्थित हनुमान मंदिर के बाहर शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंदिर में आरती के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी बीच करीब एक दर्जन युवक वहां पहुंचे और दो से तीन युवकों पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बन गया।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद?
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हमला पुरानी दुश्मनी का नतीजा बताया जा रहा है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, हमलावर युवकों ने अपने विरोधियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पीड़ित युवक अपनी जान बचाने के लिए मंदिर परिसर के अंदर चले गए, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गए।
मंदिर से बाहर निकालकर रॉड से पीटा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ समय बाद जब युवक मंदिर से बाहर निकले तो हमलावरों ने उन्हें फिर घेर लिया। इसके बाद उन पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान मंदिर के बाहर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और श्रद्धालुओं में भय का माहौल फैल गया।
एक्टिवा में भी की गई तोड़फोड़
मारपीट के दौरान एक युवक की एक्टिवा को भी निशाना बनाया गया। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन में जमकर तोड़फोड़ की और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
मंदिर के सेवक ने बताई पूरी घटना
हनुमान मंदिर में सेवा कर रहे पंडित सुनील प्रसाद ने बताया कि एक्टिवा सवार दो युवकों का कुछ अन्य युवकों के साथ विवाद हो गया था। इसके बाद करीब 10 युवक उनका पीछा करते हुए मंदिर तक पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। दोनों युवक बचने के लिए मंदिर के अंदर चले गए, लेकिन बाहर निकलने पर उनके साथ फिर से हमला किया गया।
मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को दी सूचना
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, विवाद की असली वजह साफ नहीं हो सकी है, लेकिन सभी युवक पहले से आपस में झगड़ते हुए मंदिर परिसर तक पहुंचे थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए मंदिर के प्रधान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद रात करीब 10:15 से 10:30 बजे के बीच पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना बी डिवीजन के एसएचओ बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी।
Read More:

