Israel Iran Conflict: मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। रविवार देर रात इजरायल पर दो तरफ से एक साथ हमला किया गया। ईरान ने इजरायल की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जबकि लेबनान से हिजबुल्लाह ने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए हमला बोला। हमले के बाद इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम अलर्ट हो गया और कई इलाकों में सायरन बजने लगे।
ईरान ने दागीं 4 बैलिस्टिक मिसाइलें
जानकारी के मुताबिक, ईरान ने इजरायल के उत्तरी हिस्से की तरफ चार बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इजरायली अधिकारियों का कहना है कि अप्रैल में हुए संघर्ष-विराम के बाद यह पहला मौका है जब ईरान ने सीधे तौर पर उस पर मिसाइल हमला किया है। बताया जा रहा है कि लेबनान में जारी सैन्य कार्रवाई को लेकर ईरान लंबे समय से नाराज था और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।
लेबनान में इजरायली कार्रवाई बनी वजह
ईरान लगातार मांग करता रहा है कि इजरायल लेबनान में सैन्य अभियान बंद करे। हालांकि, इजरायल हिजबुल्लाह और उससे जुड़े ठिकानों पर हमले जारी रखे हुए है। हाल के दिनों में लेबनान की राजधानी बेरूत में भी इजरायली हमले किए गए थे, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया। हमलों के बीच ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने ईरान और लेबनान के झंडों की एक साथ तस्वीर साझा की। इसे दोनों देशों के बीच एकजुटता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
— Seyed Abbas Araghchi (@araghchi) June 7, 2026
युद्धविराम उल्लंघन का लगाया आरोप
ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के सलाहकार मोहसेन रेजाई ने कहा, ‘ईरान ने बार-बार चेतावनी दी थी कि वह युद्धविराम के उल्लंघन और लेबनान पर हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा। हमलावरों को आज रात इसका जवाब मिल गया।’
IRGC ने इजरायल पर लगाए गंभीर आरोप
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बयान जारी कर कहा, ‘इजरायल बार-बार युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए, अपराधी अमेरिका की मिलीभगत और अंतरराष्ट्रीय मंचों की चुप्पी के चलते लेबनान के उत्पीड़ित लोगों के खिलाफ अपनी क्रूरता को लगातार तेज कर रहा है, और फास्फोरस बमों सहित प्रतिबंधित हथियारों का इस्तेमाल करके वॉर-क्राइम कर रहा है।’ संगठन ने आगे कहा, ‘ईरान की पिछली चेतावनियों के बावजूद, बेरूत के बाहरी इलाकों पर हमला किया गया। इजरायल ने सभी ‘लक्ष्मण रेखाओं’ को पार किया है और दक्षिणी लेबनान में हमलों को तेज कर दिया है। हमने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर बेरूत के बाहरी इलाकों पर हमले हुए, तो हम हमला करेंगे।’
पलटवार पर दी तबाही की चेतावनी
ईरान ने साफ किया है कि यदि इजरायल उसकी कार्रवाई का जवाब देता है या हमलों का दायरा बढ़ाता है, तो उसे और भी विनाशकारी हमलों का सामना करना पड़ेगा। तेहरान का दावा है कि अगला जवाब पहले से कहीं ज्यादा कड़ा हो सकता है।
हिजबुल्लाह ने भी हमले की पुष्टि की
हिजबुल्लाह ने कहा है कि उसने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए इजरायली सैनिकों को निशाना बनाया। संगठन ने दावा किया कि यह कार्रवाई लेबनान में जारी इजरायली सैन्य अभियानों के जवाब में की गई।
इजरायल ने सभी मिसाइलें रोकने का दावा किया
दूसरी तरफ इजरायली सेना का कहना है कि उसने अब तक ईरान से दागी गई सभी मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर लिया है। साथ ही इजरायल ने साफ संकेत दिए हैं कि वह इस हमले का जवाब देगा और अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।
अमेरिका के ठिकानों को भी दी चेतावनी
तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। वहीं ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि इजरायल उसकी जमीन पर हमला करता है, तो क्षेत्र में मौजूद अमेरिका के सभी सैन्य अड्डों को वैध निशाना माना जाएगा। इस बयान के बाद मिडिल ईस्ट में व्यापक संघर्ष की आशंका और गहरा गई है।
Read More:

