अमृतसर में गुरुवार दोपहर एक तीन मंजिला मकान में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद पूरे घर में आग फैल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी घायल है। बता दें कि घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाका इतना तेज कि दीवारों में पड़ गईं दरारें
वहां मौजूद लोगों के मुताबिक धमाका बेहद शक्तिशाली था। विस्फोट के कारण मकान की दीवारों और छतों में दरारें पड़ गईं, जबकि खिड़कियों के शीशे टूटकर बिखर गए। आसपास के घर भी धमाके से हिल गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दो फायर टेंडरों की मदद ली गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घर की पहली मंजिल पर बन रहे थे पटाखे
SP सुरिंदरपाल सिंह ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त घर में 7 से 8 लोग मौजूद थे। धमाके के बाद कुछ लोग बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान की पहली मंजिल पर अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। वहां बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जमा थी, जिसने अचानक आग पकड़ ली और जोरदार धमाका हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
ADGP विशालजीत सिंह ने बताया कि यह मकान अशोक कुमार नामक व्यक्ति का है। आरोप है कि उसने घर में पटाखों का अवैध भंडारण किया हुआ था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Read More
UP की सभी यूनिवर्सिटी-कॉलेज में अब स्कूल जैसा नियम! यूनिफॉर्म पहनना होगा अनिवार्य, राज्यपाल के सख्त आदेश