गाजियाबाद(Ghaziabad) के कौशांबी थाना क्षेत्र में पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल एक संगठित गैंग का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में गैंग की महिला लीडर समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी रेलवे स्टेशन, सुरक्षा बलों के ठिकानों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की फोटो और वीडियो बनाकर विदेशी नंबरों पर भेजते थे, इसके बदले उन्हें भुगतान किया जाता था। इसके अलावा, वे अन्य युवाओं को भी इस काम में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे थे।
आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन बरामद
जाँच के दौरान आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें विदेशी नंबरों के साथ हुई चैट और संवेदनशील स्थानों की फोटो-वीडियो भी मिली हैं। कुछ दिन पहले ही नाहल गांव से भी इसी मामले में लोग जेल भेजे गए थे। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि इस कार्रवाई से देश विरोधी नेटवर्क की कमर तोड़ने में मदद मिली है और वे राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीरता से ले रहे हैं।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि ये आरोपी संवेदनशील जानकारी इकट्ठा करने के लिए IP सोलर कैमरे का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने इंडियन आर्मी कैंट, रेलवे स्टेशन और कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर बड़ी संख्या में कैमरे लगाए थे। इसके अलावा, वे व्हाट्सऐप के जरिए पाकिस्तानी संपर्कों से जुड़े थे। आरोपियों का काम मीडियेटर की तरह था-वे विदेशी पक्ष से प्राप्त पार्सल को तय स्थानों पर पहुंचाते थे।