HomeBreaking Newsमहाराष्ट्र में आज ऑटो-टैक्सी की हड़ताल, रैपिडो के विरोध में सड़कों पर...

महाराष्ट्र में आज ऑटो-टैक्सी की हड़ताल, रैपिडो के विरोध में सड़कों पर उतरे चालक

महाराष्ट्र(Maharashtra) में आज ऑटो रिक्शा और टैक्सी सेवाओं पर हड़ताल का असर देखने को मिल रहा है। रैपिडो की बाइक-टैक्सी सेवा के विरोध में ऑटो-टैक्सी ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया और महाराष्ट्र रिक्शा पंचायत ने एक दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इस आंदोलन के चलते मुंबई, ठाणे समेत राज्य के कई प्रमुख शहरों में ऑटो रिक्शा, टैक्सी और कैब सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।

हालांकि, मुंबई के कई इलाकों में फिलहाल हड़ताल का व्यापक असर नजर नहीं आ रहा है। कांदिवली, बोरीवली, मालाड, अंधेरी और बांद्रा में कुछ ऑटो चालकों ने अपने वाहन सड़कों पर नहीं उतारे हैं लेकिन कई जगह ऑटो रिक्शा सामान्य रूप से चलते दिखाई दे रहे हैं। रविवार को मनसे परिवहन सेना और धड़क कामगार यूनियन सहित कई संगठनों ने भी इस आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की थी।

कौन-से चालक हड़ताल में होंगे शामिल ?

इस हड़ताल में ओला और उबर से जुड़े बड़ी संख्या में कैब चालकों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। ऑटो और टैक्सी संगठनों का आरोप है कि रैपिडो के माध्यम से कई बाइक चालक जरूरी लाइसेंस, बैज और परमिट के बिना व्यावसायिक रूप से यात्रियों को सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह की सेवाओं से पारंपरिक ऑटो, टैक्सी और कैब चालकों की कमाई पर असर पड़ रहा है और उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है।

रैपिडो बाइक-टैक्सी सेवा बंद करने की मांग

ऑटो रिक्शा संगठनों ने सरकार से मांग की है कि आवश्यक सरकारी अनुमति और दस्तावेजों के बिना संचालित बाइक-टैक्सी सेवाओं पर कार्रवाई की जाए और ऐसी सेवाओं को बंद कराया जाए। इस संबंध में राज्य के अलग-अलग जिलों में जिलाधिकारियों और परिवहन आयुक्त को ज्ञापन सौंपने की भी तैयारी है।

इस मुद्दे पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और विभिन्न ऑटो रिक्शा संगठनों ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता की। इस दौरान मनसे अध्यक्ष संजय नाईक ने भी रैपिडो के जरिए बिना जरूरी अनुमति के बाइक से यात्रियों को लाने-ले जाने पर सवाल उठाए। संगठनों का कहना है कि नियमों का पालन सुनिश्चित करना और पारंपरिक परिवहन चालकों के हितों की रक्षा करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें : एशिया में भारत की ताकत का डंका! रूस-जापान को पछाड़ तीसरे नंबर पर पहुंचा…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments