HomeBreaking Newsभारत दौरे पर नेपाल के PM बालेन शाह, 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के...

भारत दौरे पर नेपाल के PM बालेन शाह, 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आए, PM मोदी से आज होगी मुलाकात, 2 अरब डॉलर के पैकेज पर नजर

Nepal PM Balen Shah India Visit: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को अपने दो दिवसीय भारत दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। उनके साथ 34 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इस यात्रा को भारत और नेपाल के रिश्तों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। सोमवार को बालेन शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच करीब 2 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज, सीमा पार ऊर्जा सहयोग, नए हवाई मार्ग और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर चर्चा होने की संभावना है।

34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे बालेन शाह

बालेन शाह के साथ नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भारत आए हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को नई दिल्ली में नेपाली प्रधानमंत्री से मुलाकात की।

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी देते हुए लिखा कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। भारत नेपाल के साथ अपनी विशेष मित्रता को बहुत महत्व देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ होने वाली मुलाकात और कार्यक्रमों को लेकर भी उत्सुकता जताई।

नेपाल को 2 अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज देने पर चर्चा

‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, बालेन शाह की भारत यात्रा में करीब 2 अरब डॉलर के वित्तीय पैकेज का मुद्दा प्रमुखता से उठ सकता है। नेपाल भारत से बिजली और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए आर्थिक मदद मांग रहा है।

इस पैकेज में 1 अरब डॉलर की ‘लाइन ऑफ क्रेडिट’ यानी उधार सुविधा शामिल हो सकती है। इसके अलावा नेपाल में भारतीय कंपनियों के निवेश को बढ़ावा देने और दोनों देशों के बीच आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने पर भी बातचीत हो सकती है।

सिद्धार्थ राजमार्ग के लिए 500 मिलियन डॉलर की मांग

नेपाल भारत से सिद्धार्थ राजमार्ग को अपग्रेड करने के लिए 500 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त अनुदान राशि मांग रहा है। यह राजमार्ग भारतीय सीमा के पास सुनौली को नेपाल के प्रमुख पर्यटन शहर पोखरा से जोड़ता है।

इसके अलावा नेपाल बाढ़ से प्रभावित इलाकों में पुनर्निर्माण कार्यों के लिए भी 500 मिलियन डॉलर की अनुदान राशि चाहता है। इस तरह नेपाल की कुल आर्थिक मांग करीब 2 अरब डॉलर है।

कहां से कहां तक जाता है सिद्धार्थ राजमार्ग?

सिद्धार्थ राजमार्ग नेपाल का करीब 181 से 182 किलोमीटर लंबा प्रमुख सड़क मार्ग है। इसे NH47 के नाम से भी जाना जाता है। इसका निर्माण 1964 से 1971 के बीच भारत की आर्थिक सहायता से किया गया था। इसका नाम भगवान गौतम बुद्ध के नाम पर रखा गया है।

इस राजमार्ग से जुड़े प्रमुख शहर और स्थान इस प्रकार हैं.

  • सुनौली/बेलहिया- भारतीय सीमा के पास स्थित यह इलाका नेपाल में प्रवेश का प्रमुख मार्ग है।

  • लुंबिनी- भगवान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली होने के कारण इसका धार्मिक और पर्यटन महत्व है।

  • बुटवल- नेपाल का प्रमुख व्यापारिक और औद्योगिक केंद्र है।

  • पोखरा- नेपाल का प्रमुख पर्यटन शहर है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

इस राजमार्ग पर करीब 34 पुल हैं। इनमें रामदी के पास काली गंडकी नदी पर बना पुल भी शामिल है। व्यापार, कृषि और यात्रियों की आवाजाही के लिहाज से यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। भारत के लिए भी यह पश्चिमी और मध्य नेपाल तक पहुंचने का अहम जमीनी संपर्क मार्ग है।

पोखरा और भैरहवा एयरपोर्ट के लिए हवाई मार्ग की मांग

भारत दौरे के दौरान नेपाल अतिरिक्त हवाई मार्गों का मुद्दा भी उठा सकता है। नेपाल चाहता है कि उसके विमानों को पोखरा और भैरहवा एयरपोर्ट से उड़ान भरने और वहां उतरने के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति मिले। इससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन आसान हो सकता है और दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क बेहतर होगा।

बिजली निर्यात की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर

भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होने की संभावना है। दोनों देश सीमा पार जल-विद्युत (हाइडल-पावर) साझेदारी का विस्तार कर सकते हैं। इससे नेपाल को भारत में अधिक बिजली निर्यात करने का अवसर मिलेगा।

भारत ने हाल ही में नेपाल से 615.02 मेगावाट अतिरिक्त बिजली के निर्यात को मंजूरी दी है। इससे पहले नेपाल को 654 मेगावाट बिजली निर्यात करने की अनुमति थी। नई मंजूरी के बाद नेपाल की कुल स्वीकृत बिजली निर्यात क्षमता बढ़कर 1,269.02 मेगावाट हो गई है।

स्टार्टअप, तकनीक और खेल पर भी होगी बातचीत

प्रधानमंत्री मोदी और बालेन शाह की मुलाकात के दौरान संपर्क और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने की उम्मीद है। दोनों देश एक संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी कर सकते हैं।

इसके अलावा स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है। सोमवार को बालेन शाह भारत और नेपाल के कारोबारी प्रतिनिधियों को भी संबोधित कर सकते हैं।

पहले भारत दौरे से कर चुके थे इनकार

दिलचस्प बात यह है कि मार्च में प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह ने अपने कार्यकाल के पहले साल में विदेश यात्रा नहीं करने की घोषणा की थी। उन्होंने भारत के विदेश सचिव से मुलाकात करने से भी इनकार कर दिया था।

हालांकि, बाद में नेपाल के कई वरिष्ठ मंत्रियों ने भारत का दौरा किया। वहीं, बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए भारत ने नेपाल को सहायता भी दी। इसके बाद दोनों देशों के बीच संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास तेज हुए। हाल ही में बालेन शाह ने भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी से भी मुलाकात की थी।

भारत-नेपाल के सात दशक पुराने रिश्ते

भारत और नेपाल के बीच पिछले सात दशकों में विकास सहयोग का दायरा लगातार बढ़ा है। दोनों देश स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, अभिलेखागार, पुरातत्व, कनेक्टिविटी, व्यापार, कृषि, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, भारत की मदद से नेपाल में चलाई जा रही विकास परियोजनाएं वहां की जरूरतों और प्राथमिकताओं के आधार पर तैयार की जाती हैं। ऐसे में बालेन शाह की यह यात्रा दोनों देशों के बीच पुराने संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Read More:

झांसी में हैंडपंप चलाते ही निकलने लगी कच्ची शराब, आरोपी महिला हुई गिरफ्तार, Video Viral

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments