देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) से हवाई सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। कंपनी ने अपनी कई ऐड-ऑन सेवाओं के शुल्कों में तत्काल प्रभाव से बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। एयरलाइन की ओर से जारी दरों के अनुसार एक्स्ट्रा बैगेज, शिशु टिकट, अकेले यात्रा करने वाले बच्चों के लिए मिलने वाली सर्विस और फास्ट फॉरवर्ड बोर्डिंग सुविधाएं महंगी हो गई हैं। कंपनी का कहना है कि यह बदलाव नियमित समीक्षा प्रक्रिया का हिस्सा है।
एक्स्ट्रा सामान ले जाना हुआ अब और महंगा
घरेलू उड़ानों के दौरान तय सीमा से अधिक वजन का सामान ले जाने वाले यात्रियों को अब पहले से अधिक भुगतान करना होगा। इंडिगो ने एक्सेस बैगेज यानी अतिरिक्त सामान का शुल्क ₹700 प्रति किलोग्राम से बढ़ाकर ₹800 प्रति किलोग्राम कर दिया है। इसका सीधा मतलब यह है कि निर्धारित वजन से अधिक सामान होने पर यात्रियों को अब हर एक अतिरिक्त किलो पर सीधे ₹100 अधिक चुकाने होंगे।
शिशु टिकट और अकेले यात्रा करने वाले बच्चों का बढ़ा चार्ज
कंपनी ने 3 दिन से लेकर 2 साल तक की उम्र के छोटे बच्चों (इन्फेंट) के टिकट दरों में ₹1,000 का बड़ा इजाफा किया है, जिसके बाद अब इसका शुल्क ₹2,000 से बढ़कर सीधे ₹3,000 हो गया है। इसके अलावा 5 से 12 साल के ऐसे बच्चे जो बिना किसी वयस्क के अकेले हवाई यात्रा करते हैं, उनकी ‘अनएकंपनीड माइनर’ सेवा का चार्ज घरेलू फ्लाइट्स के लिए ₹5,000 से बढ़ाकर ₹5,999 कर दिया गया है। वहीं अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में इस सेवा के लिए यात्रियों को ₹12,999 चुकाने होंगे।
प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग सर्विस के भी दाम बढ़े
एयरलाइन की ‘फास्ट फॉरवर्ड सर्विस’, जिसके जरिए यात्रियों को एयरपोर्ट पर लाइन में लगे बिना प्रायोरिटी चेक-इन और बोर्डिंग की सुविधा मिलती है, के चार्ज भी बढ़ा दिए गए हैं। घरेलू उड़ानों के लिए इस सेवा का शुल्क ₹500 से बढ़ाकर ₹650 कर दिया गया है। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय रूट्स पर यात्रा करने वाले यात्रियों को फास्ट फॉरवर्ड सुविधा के लिए प्रति सेक्टर ₹850 का भुगतान करना होगा।
READ MORE: 34 गेंदों में 108 रन! दिल्ली में आया अभिषेक शर्मा का भूचाल, टूटे एक साथ 4 महा-रिकॉर्ड

