बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अरिजीत सिंह(Arijit Singh) को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हाल के महीनों में प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की खबरों के बीच अब ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि उनकी आवाज इमरान हाशमी की आने वाली फिल्म ‘आवारापन 2’ के नए गाने में सुनाई दे सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का दूसरा गाना ‘ये आवारापन’ जल्द रिलीज होने वाला है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म का टाइटल ट्रैक है जिसे अरिजीत सिंह ने गाया है। इस गाने का संगीत अमाल मलिक ने तैयार किया है जबकि इसके बोल रश्मि विराग ने लिखे हैं। इससे पहले फिल्म का पहला गाना ‘वे जूनून’ दर्शकों के बीच रिलीज हो चुका है और उसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
विशेष भट्ट से अरिजीत का पूराना रिश्ता
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि फिल्म के निर्माता विशेष भट्ट के अनुरोध पर अरिजीत सिंह इस प्रोजेक्ट से जुड़े। दोनों के बीच लंबे समय से पेशेवर संबंध रहे हैं। विशेष फिल्म्स ने ही अरिजीत को शुरुआती दौर में बड़ा मौका दिया था और इसके बाद कई यादगार गानों में दोनों की सफल साझेदारी देखने को मिली।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि अरिजीत सिंह ने वास्तव में अपने संन्यास के फैसले में कोई बदलाव किया है। यह भी संभव है कि ‘ये आवारापन’ गाना उन्होंने पहले ही रिकॉर्ड कर लिया हो और अब उसे रिलीज किया जा रहा हो। इसलिए उनकी वापसी या रिटायरमेंट का फैसला बदलने को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। आधिकारिक बयान आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।