दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे(Delhi-Meerut Expressway) के काशी टोल प्लाजा पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत कार्यक्रम के बाद फायरिंग और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को निशाना बनाया गया था। हालांकि, युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को काशी टोल प्लाजा पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद रोहित मिश्रा वहां से रवाना हो गए। इसके कुछ देर बाद करीब रात 12:30 बजे मेरठ के जागृति विहार निवासी श्वेतांक त्यागी अपने साथी मनीष तोमर के साथ टोल प्लाजा पर मौजूद थे।
पुरानी रंजिश में बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बाद श्वेतांक त्यागी का कुछ लोगों से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि राहुल अधाना, अवनीश, प्रवीण शर्मा और कार चालक के साथ हुई कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया था। इस दौरान कार चालक ने कथित रूप से श्वेतांक को कार से टक्कर मारने की कोशिश भी की जबकि राहुल अधाना पर अवैध तमंचे से गोली चलाने का आरोप है। हालांकि, गोली श्वेतांक को नहीं लगी और वह सुरक्षित बच गया। घटना के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि पूरी घटना की पुष्टि की जा सके और आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले में शामिल लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।