INDI Alliance Meeting: दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सोमवार को INDI गठबंधन की अहम बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में 23 राजनीतिक दलों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। विपक्षी दलों का उद्देश्य आगामी चुनावों और राष्ट्रीय मुद्दों पर साझा रणनीति तैयार करना है।
कई बड़े नेता होंगे मौजूद
बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव तथा शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे सहित कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
विविधता के बावजूद गठबंधन एकजुट –कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि 23 दलों ने बैठक में भागीदारी की पुष्टि की है। उनके अनुसार, कुछ दल अपने-अपने कारणों से इस बैठक में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, लेकिन इससे गठबंधन की एकजुटता पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि INDI गठबंधन कई विचारधाराओं के बावजूद साझा राजनीतिक उद्देश्यों को लेकर एक साथ खड़ा है।
DMK और AAP के नहीं आने की संभावना
बैठक में तमिलनाडु की डीएमके और आम आदमी पार्टी के शामिल होने की संभावना नहीं है। आम आदमी पार्टी पहले ही सार्वजनिक रूप से INDI गठबंधन से दूरी बना चुकी है। वहीं डीएमके ने भी बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है। यह फैसला तमिलनाडु की राजनीति में बदले समीकरणों और कांग्रेस के साथ संबंधों में आए बदलाव के बाद सामने आया है।
TVK की एंट्री पर टिकी नजरें
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तमिलनाडु की टीवीके को INDI गठबंधन में शामिल किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो दक्षिण भारत की राजनीति में गठबंधन के समीकरणों पर इसका असर देखने को मिल सकता है।
2029 चुनाव की तैयारी पर रहेगा फोकस
बैठक में राज्यों के आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही विपक्षी दल केंद्र के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर संयुक्त राजनीतिक अभियान चलाने और साझा मुद्दों को मजबूत करने पर भी विचार कर सकते हैं।
Read More:

