Punjab Nikay Chunav 2026: पंजाब में आज नगर निकाय चुनावों के लिए मतदान जारी है। राज्य की 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। इस चुनाव की सबसे बड़ी खासियत यह है कि मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की जगह बैलेट पेपर से कराया जा रहा है। वोटिंग सुबह 8 बजे जारी है और शाम 5 बजे तक चलेगी। चुनाव मैदान में कुल 7,555 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि 36.73 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।
इन 8 नगर निगमों में हो रहा मतदान
आज जिन नगर निगमों के लिए मतदान हो रहा है उनमें बठिंडा, अबोहर, बटाला, बरनाला, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और मोहाली शामिल हैं। इसके अलावा राज्यभर की 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों में भी वोटिंग कराई जा रही है। चुनाव आयोग ने पूरे राज्य में सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराया जा सके।
AAP के सबसे ज्यादा उम्मीदवार
राज्य चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक 8 नगर निगमों में 1,613 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं 75 नगर कौंसिलों में 5,142 और 20 नगर पंचायतों में 800 प्रत्याशी मैदान में हैं। राजनीतिक दलों की बात करें तो आम आदमी पार्टी (AAP) के सबसे अधिक 1,801 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने 1,550 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भाजपा के 1,316 और शिरोमणि अकाली दल के 1,251 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा बसपा के 96 उम्मीदवार और 1,528 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनावी मुकाबले में शामिल हैं। 13 अन्य उम्मीदवार अलग-अलग दलों और समूहों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
पोलिंग बूथ में 9 चीजों पर रोक
चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा को लेकर सख्त नियम लागू किए हैं। राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने बताया कि पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यहां तक कि स्विच ऑफ मोबाइल भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा पानी की बोतल, स्याही, चाकू, पेचकस, हथियार, कैमरा, माचिस और लाइटर जैसी वस्तुओं पर भी रोक लगाई गई है। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मोबाइल घर पर छोड़कर ही मतदान केंद्र पहुंचें।
संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था
राज्यभर में मतदान के लिए कुल 3,977 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 740 बूथों को संवेदनशील और 274 बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए 36 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि 35 हजार से अधिक पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल फील्ड में तैनात किए गए हैं। हर पोलिंग बूथ पर पांच कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।
CCTV निगरानी में हो रहा पूरा चुनाव
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद सभी मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अदालत ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि रिकॉर्ड की गई फुटेज को बिना अनुमति नष्ट नहीं किया जाएगा और इसे कम से कम एक साल तक सुरक्षित रखा जाएगा। चुनाव आयोग के अनुसार हर बूथ की निगरानी लगातार की जाएगी और पूरी रिकॉर्डिंग संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के पास रहेगी।
स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखी जाएगी DVR
राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि मतदान खत्म होने के बाद सीसीटीवी कैमरों की DVR स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखी जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित डिप्टी कमिश्नर के पास होगी। आयोग ने साफ किया है कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है।
सरकारी छुट्टी और शराब बिक्री बंद
निकाय चुनावों के मद्देनजर पंजाब में आज सरकारी छुट्टी घोषित की गई है। इसके साथ ही मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए राज्य में शराब की बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने और चुनावी नियमों का पालन करने की अपील की है।
Read More:

