HomeBreaking Newsअब सिर्फ 20 मिनट में फरीदाबाद से पहुंचेंगे दिल्ली! DND-KMP एक्सप्रेसवे का...

अब सिर्फ 20 मिनट में फरीदाबाद से पहुंचेंगे दिल्ली! DND-KMP एक्सप्रेसवे का आज केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी करेंगे निरीक्षण

DND-KMP Expressway: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट (DND) फ्लाईवे को कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाला करीब 60 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे अब लगभग तैयार हो चुका है। परियोजना का करीब 97 फीसदी काम पूरा हो गया है और जून तक इसका निर्माण खत्म होने की संभावना है। एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद फरीदाबाद से दक्षिण दिल्ली का सफर महज 20 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

आज नितिन गडकरी करेंगे निरीक्षण

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को इस प्रोजेक्ट का निरीक्षण करेंगे। उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और NHAI के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। निरीक्षण के बाद एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तारीख तय होने की उम्मीद है। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना है।

रोजाना 50 हजार वाहन चालकों को मिलेगा फायदा

इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मेरठ और पलवल के बीच यात्रा काफी आसान हो जाएगी। अनुमान है कि रोजाना करीब 50 हजार वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी। अभी कालिंदी कुंज, बदरपुर बॉर्डर और आश्रम जैसे इलाकों में भारी ट्रैफिक के कारण लोगों को डेढ़ से दो घंटे तक का समय लग जाता है, लेकिन नया कॉरिडोर चालू होने के बाद यही दूरी करीब 20 मिनट में तय हो सकेगी।

महारानी बाग से शुरू होगा एक्सप्रेसवे

यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के महारानी बाग स्थित DND फ्लाईओवर से शुरू होगा। इसके बाद यह कालिंदी कुंज, जैतपुर-मिठापुर रोड और फरीदाबाद बाइपास होते हुए सेक्टर-37, सेक्टर-65, बीपीटीपी, पल्ला, खेड़ीपुल और बल्लभगढ़ क्षेत्र से होकर आगे बढ़ेगा। इसका मकसद दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक दबाव कम करना और तेज कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।

KMP एक्सप्रेसवे से ऐसे जुड़ेगा कॉरिडोर

यह कॉरिडोर नूंह जिले के खलीलपुर के पास KMP एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इससे वाहन चालक सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, जेवर-बल्लभगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और आगे जेवर एयरपोर्ट तक आसानी से पहुंच सकेंगे। सोहना के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का मुख्य हिस्सा पहले ही मई 2023 में शुरू किया जा चुका है।

दिल्ली-आगरा हाईवे के लिए बनाया गया इंटरचेंज

डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे का एक बड़ा इंटरचेंज कैल गांव के पास तैयार किया गया है। यहां से इसका सीधा कनेक्शन दिल्ली-आगरा हाईवे (NH-19) और फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाइपास से होगा। वहीं सेक्टर-65 के पास से जेवर-बल्लभगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का लिंक निकलेगा, जिससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा।

आश्रम-सराय काले खां तक बिना जाम पहुंचेगी गाड़ियां

एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद फरीदाबाद से दिल्ली आने वाले लोगों को रेड लाइट और लंबे जाम से काफी राहत मिलेगी। वाहन चालक सीधे आश्रम और सराय काले खां तक पहुंच सकेंगे। यहां से नमो भारत कॉरिडोर के जरिए मेरठ तक यात्रा भी आसान होगी। इससे दिल्ली-एनसीआर की इंटरसिटी कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

जैतपुर से फरीदाबाद तक शुरू हो चुका ट्रैफिक

फिलहाल जैतपुर से फरीदाबाद की ओर एक्सप्रेसवे का हिस्सा चालू हो चुका है और यहां वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। हालांकि जैतपुर से कालिंदी कुंज की तरफ कुछ हिस्सों में अभी निर्माण कार्य जारी है। यह हिस्सा पूरा होने के बाद फरीदाबाद और पलवल से नोएडा तक पहुंचने के लिए नया तेज मार्ग उपलब्ध हो जाएगा।

अंतिम चरण में चल रहा फिनिशिंग का काम

NHAI अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली क्षेत्र में अधिकतर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फिलहाल सड़क सुरक्षा, साइन बोर्ड, लाइटिंग और फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में चल रहा है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे महारानी बाग से जैतपुर-पुश्ता रोड और फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाइपास तक बने हिस्सों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-62/65 डिवाइडिंग रोड और NH-19 से जुड़ने वाले स्पर रोड की प्रगति भी देखी जाएगी।

Read More:

बस्तर में आज मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक, 4 राज्यों के CM संग गृह मंत्री अमित शाह की होगी हाईलेवल चर्चा, कई मुद्दों पर मंथन

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments