पंजाब में अपराध नियंत्रण के अभियान में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बड़ी कामयाबी मिली है। बठिंडा(Bathinda) पुलिस के सहयोग से चलाए गए संयुक्त अभियान में दो आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जैकी कुमार उर्फ़ जैकी और विकास अरोड़ा के रूप में हुई है।
कारोबारी को लूटने की थी साजिश
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी बठिंडा में एक कारोबारी को लूटने की साजिश रच रहे थे। समय पर की गई इस कार्रवाई से बड़ी घटना टल गई। पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए हथियार दिल्ली से लाए गए थे और उनके पीछे जुड़े नेटवर्क की भी गहन जांच जारी है।
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेंगे जारी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विकास अरोड़ा का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले घरेलू हिंसा के एक मामले में भी शामिल रहा है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो देशी .32 बोर पिस्टल, मैगज़ीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।