Thursday, March 5, 2026
Home Breaking News पंजाब में बनेगा देश का पहला AI टावर, विकास के खुलेंगे नए...

पंजाब में बनेगा देश का पहला AI टावर, विकास के खुलेंगे नए रास्ते 

AI tower
Advertisement

पंजाब के मोहाली में एयरपोर्ट के नजदीक एक बड़ी एक्सपो सिटी विकसित करने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत देश का पहला समर्पित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टावर बनाने की तैयारी है, जहां करीब 300 एआई और टेक्नोलॉजी से जुड़ी कंपनियां अपने दफ्तर स्थापित कर सकेंगी।

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवास एवं शहरी विकास विभाग ने लगभग 182.88 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जमीन लेने से पहले सोशल इम्पैक्ट असेसमेंट (SIA) कराया जाएगा, ताकि यह समझा जा सके कि इसका स्थानीय लोगों और आसपास के क्षेत्रों पर क्या असर पड़ेगा।

किया जाएगा जमीन का अधिग्रहण

जमीन का अधिग्रहण राइट टू फेयर कंपेंसेशन एंड ट्रांसपेरेंसी इन लैंड एक्विजिशन, रिहैबिलिटेशन एंड रिसेटलमेंट एक्ट, 2013 के प्रावधानों के तहत किया जाएगा। माना जा रहा है कि अधिग्रहण की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से जल्द पूरी की जाएगी। इस प्रोजेक्ट में सफीपुर, लंडियाली, धरमगढ़ और रुड़का गांवों की जमीन शामिल की गई है। 

तैयार किए गए मास्टर प्लान के मुताबिक परियोजना को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा और इसे पब्लिक पर्पस की श्रेणी में रखा गया है। ऐसे में ग्राम सभा की अनुमति जरूरी नहीं होगी, लेकिन प्रभावित पंचायतों और जमीन मालिकों के साथ संवाद करना अनिवार्य रहेगा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार सर्वेक्षण की पूरी प्रक्रिया में लगभग छह महीने का समय लग सकता है।

इनोवेशन के क्षेत्र में मिलेगी नई पहचान

प्रस्तावित एक्सपो सिटी में बनने वाला AI टावर पंजाब को टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप और इनोवेशन के क्षेत्र में नई पहचान दे सकता है। साथ ही इससे हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। परियोजना के तहत करीब 10 एकड़ क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एग्जिबिशन ग्राउंड भी बनाया जाएगा, जहां बड़े स्तर पर ग्लोबल एक्सपो, ट्रेड शो, कन्वेंशन और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। 

इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा, ताकि देश-विदेश की कंपनियां यहां अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन कर सकें। इस एग्जिबिशन ग्राउंड को दिल्ली के प्रगति मैदान के मॉडल पर विकसित करने की योजना है, जिससे यह व्यापार और उद्योग से जुड़े बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बन सके।

यह भी पढ़ें : तरनतारन सरपंच हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन…