HomeBreaking Newsचांदनी चौक में फर्जी पार्किंग का खेल बेनकाब! MCD की नकली रसीद...

चांदनी चौक में फर्जी पार्किंग का खेल बेनकाब! MCD की नकली रसीद काटते रंगेहाथ पकड़ा गया आरोपी

दिल्ली के चांदनी चौक(Chandni Chowk) इलाके में अवैध पार्किंग के नाम पर लोगों से पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। उत्तरी जिला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है जो दिल्ली नगर निगम (MCD) के नाम से फर्जी पार्किंग रसीद बनाकर वाहन चालकों से पार्किंग शुल्क वसूल रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से नकली रसीदों की बुकलेट और वसूली गई नकदी भी बरामद की है।

उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के अनुसार, 20 नवंबर को शाम करीब 5:20 बजे कोतवाली थाने में तैनात एएसआई कृष्ण कांत को इस अवैध गतिविधि की सूचना मिली थी। बताया गया कि चांदनी चौक के सुभाष मार्ग पर प्रेजेंटेशन स्कूल के पास एक युवक बिना अनुमति वाहनों को पार्क करवा रहा है और एमसीडी की फर्जी पर्चियां देकर लोगों से पैसे ले रहा है। सूचना मिलने के बाद एसीपी अमनदीप कौर और इंस्पेक्टर सुमन कुमार की निगरानी में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

पुलिस टीम को अपनी तरफ आता देखकर युवक ने मौके से भागने की कोशिश की। वह राहगीरों को आवाज देकर वाहन पार्क करवा रहा था। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जो कश्मीरी गेट के जमुना बाजार इलाके का निवासी है।

MCD के नाम वाली नकली रसीदें बरामद

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी पार्किंग संचालन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या सरकारी अनुमति नहीं दिखा सका। तलाशी में उसके पास से इस्तेमाल की गई और खाली फर्जी पार्किंग रसीदों की बुकलेट मिलीं। इन पर एमसीडी का नाम छपा हुआ था। इसके अलावा, पार्किंग के नाम पर लोगों से वसूली गई नकदी भी जब्त की गई।

आर्थिक परेशानी के चलते शुरू की थी ठगी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मजदूरी और छोटे-मोटे काम करता था। आर्थिक परेशानियों के कारण उसने कथित तौर पर एमसीडी के नाम का गलत इस्तेमाल करके लोगों से पैसे वसूलने शुरू कर दिए थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नकली रसीदें कहां छपवाई गई थीं और इस काम में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

यह भी पढ़ें : राजस्थान में चुनाव हारते ही हटाई गईं 50 स्ट्रीट लाइटें, इस कार्रवाई से भड़के ग्रामीण…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments