राजस्थान के टोंक जिले में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद स्ट्रीट लाइटें हटाने का मामला चर्चा में आ गया है। पीपलू क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका शर्मा चुनाव हार गईं। इसके कुछ घंटे बाद ही बिजली निगम की टीम गांवों और ढाणियों में पहुंची और वहां लगी स्ट्रीट लाइटें खोलकर अपने साथ ले गई। प्रियंका शर्मा निवाई विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक की पत्नी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से लाइटें लगवाई गई थीं और हार के बाद उन्हें हटवा दिया गया। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
दीपावली से पहले गांवों में लगाई गई थीं करीब 50 लाइटें
पूरा मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-दो का है। यहां भाजपा की ओर से प्रियंका शर्मा चुनाव लड़ रही थीं। बताया जा रहा है कि दीपावली से पहले क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में लगभग 50 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। इन लाइटों से ग्रामीणों को रात के समय अंधेरे से राहत मिली थी।
चुनाव परिणाम घोषित होने पर प्रियंका शर्मा को हार का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के मुताबिक, नतीजे आने के कुछ घंटों बाद ही बिजली निगम पीपलू की टीम वाहन लेकर गांव पहुंची और स्ट्रीट लाइटें उतारने लगी। देखते ही देखते सभी लाइटें खोलकर ले जाई गईं।
अवैध थीं तो पहले कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
स्थानीय वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी की हार के बाद ही बिजली निगम ने यह कदम उठाया। ग्रामीणों ने जब टीम का विरोध किया तो अधिकारियों की ओर से लाइटों को अवैध बताया गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि ये लाइटें नियमों के खिलाफ लगाई गई थीं तो दीपावली से पहले इन्हें लगाने के समय कार्रवाई क्यों नहीं की गई? चुनाव परिणाम आने के बाद ही इन्हें हटाने की जरूरत क्यों पड़ी? लोगों ने यह भी पूछा कि क्या किसी के दबाव में यह कार्रवाई की गई है। उनका कहना है कि आसपास के अन्य इलाकों में भी इसी तरह की लाइटें लगी हुई हैं।
हनीफगंज और कुम्हारों की ढाणी में लोगों का विरोध
स्ट्रीट लाइटें हटाए जाने से हनीफगंज और कुम्हारों की ढाणी के ग्रामीणों में विशेष नाराजगी है। उनका कहना है कि ये लाइटें पूरे गांव की सुविधा के लिए लगाई गई थीं, किसी एक प्रत्याशी के निजी इस्तेमाल के लिए नहीं। ऐसे में चुनावी हार का असर आम लोगों की सुविधाओं पर नहीं पड़ना चाहिए।
Read More
शादी की खुशियां मातम में बदलीं! बग्गी में उतरा करंट, दो बैंडकर्मियों की मौत, दूल्हे ने ऐसे बचाई जान

