कर्नाटक की सिलिकॉन सिटी बेंगलुरु समेत पूरे राज्य में बारिश के बाद अचानक खिली तेज धूप और भीषण गर्मी के कारण सांपों का खौफ तेजी से बढ़ गया है। ठंडक की तलाश में जहरीले सांप अब रिहायशी इलाकों और लोगों के घरों के अंदर डेरा डाल रहे हैं। हालात यह हैं कि अकेले बेंगलुरु शहर में पिछले तीन दिनों के भीतर घरों के अंदर सांप घुसने की 200 से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं, जिससे आम नागरिकों में भारी दहशत का माहौल है।
घरों के ठंडे कोनों में छिप रहे जहरीले सांप
मौसम के इस अचानक बदलाव के बाद सांप घरों के ठंडे हिस्सों जैसे जूतों के रैक, साइकिल स्टैंड, बाथरूम और वाशिंग मशीन के पीछे छिपते हुए मिल रहे हैं। बीबिएमपी हेल्पलाइन, इमरजेंसी नंबर 100 और दमकल विभाग के पास पिछले तीन दिनों में 200 से ज्यादा आपातकालीन कॉल्स आ चुकी हैं। रेस्क्यू किए जा रहे सांपों में मुख्य रूप से कोबरा, रसेल वाइपर, रैट स्नेक और धारीदार सांप शामिल हैं, जो लोगों की जान के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं।
राज्यभर में सांप के काटने से बढ़ी मौतें
सिर्फ बेंगलुरु ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में स्नेक बाइट की घटनाओं में भारी उछाल देखा गया है। पिछले एक सप्ताह के भीतर ही पूरे कर्नाटक में सांप काटने के 702 मामले सामने आए हैं, जिनमें 6 लोगों की जान जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जनवरी से अब तक राज्य में कुल 17,608 लोग सांप के डसने का शिकार हो चुके हैं और 205 लोगों की मौत हो चुकी है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है और सभी जिला अस्पतालों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को एंटी-वेनम का पर्याप्त स्टॉक रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों की चेतावनी
वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि बेंगलुरु के तेजी से फैलते बाहरी इलाकों जैसे विद्यारण्यपुरा, नागरभावी, राज राजेश्वरनगर, येलाहांका, जेपी नगर और सरजापुर में अंधाधुंध कंक्रीट निर्माण के कारण सांपों के प्राकृतिक ठिकाने नष्ट हो रहे हैं, जिसके चलते वे आबादी का रुख कर रहे हैं। विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया पर रील्स या स्टंटबाजी के चक्कर में खुद सांप पकड़ने की कोशिश करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है कि यह जानलेवा साबित हो सकता है।
घर में सांप दिखने या काटने पर क्या सावधानी बरतें
आपदा प्रबंधन और विशेषज्ञों ने नागरिकों को सलाह दी है कि घर में सांप दिखने पर उसे खुद मारने या पकड़ने का जोखिम न उठाएं और तुरंत बीबिएमपी या फायर ब्रिगेड को सूचित करें। यदि किसी को सांप काट ले, तो किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ने के बजाय फौरन नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचकर एंटी-वेनम का इंजेक्शन लगवाना चाहिए, ताकि समय रहते मरीज की जान बचाई जा सके।
READ MORE: ओडिशा में चक्रवात अर्नब का कहर, 300 गांव बाढ़ के पानी से घिरे, हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू की तैयारी

