HomeBreaking Newsदिल्ली में एक्स्ट्रा छोले मांगना पड़ा भारी! भड़के दुकानदार ने ग्राहक पर...

दिल्ली में एक्स्ट्रा छोले मांगना पड़ा भारी! भड़के दुकानदार ने ग्राहक पर चाकू से किए ताबड़तोड़ 7 वार, अस्पताल में मौत

Delhi Crime: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आउटर दिल्ली इलाके के पश्चिम विहार से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ज्वालापुरी के संडे मार्केट में एक ग्राहक ने खाने के पैकेट में थोड़े ज्यादा छोले डालने को कहा तो बात इतनी बढ़ गई कि उसकी जान चली गई। आरोप है कि फूड स्टॉल मालिक चिंटू गुप्ता ने 35 वर्षीय संदीप पर चाकू से सात बार हमला किया। गंभीर रूप से घायल संदीप को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

बच्चों के लिए पैक कराया था छोले-भटूरे

जानकारी के अनुसार, निहाल विहार निवासी संदीप एक निजी कंपनी में ड्राइवर के तौर पर काम करता था। रविवार रात वह अपने दोस्तों के साथ ज्वालापुरी स्थित संडे मार्केट गया था। वहां छोले-भटूरे खाने के बाद उसने अपने दो छोटे बच्चों, 4 साल के बेटे और 10 साल की बेटी के लिए खाना पैक कराया था।

कम छोले देखकर दुकानदार से मांगे थे थोड़े और

संदीप ने जब पैकेट में छोले की मात्रा कम देखी तो उसने स्टॉल मालिक चिंटू गुप्ता से थोड़े और छोले डालने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया और फिर आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया।

7 बार चाकू से हमला

विवाद के दौरान आरोपी चिंटू गुप्ता ने संदीप पर चाकू से एक के बाद एक सात वार किए। इनमें तीन वार उसके पेट में किए गए। हमले के बाद संदीप गंभीर रूप से घायल होकर फूड स्टॉल के पास खून से लथपथ पड़ा रहा।

पिता ने बेटे को खून से लथपथ देखा

घटना की जानकारी मिलने पर संदीप के पिता ब्रजेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने बेटे को गंभीर हालत में फूड स्टॉल के पास पड़ा देखा। परिजन उसे इलाज के लिए पहले संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले गए। बाद में उसकी हालत को देखते हुए पंजाबी बाग स्थित महाराजा अग्रसेन अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान संदीप ने दम तोड़ दिया।

मौत के बाद हत्या की धाराएं जोड़ी गईं

घटना के बाद पश्चिम विहार थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआत में दर्ज मुकदमे में संदीप की मौत के बाद हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं। मुख्य आरोपी चिंटू गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पिता ने जताई कई लोगों के शामिल होने की आशंका

अस्पताल के शवगृह के बाहर पिता ब्रजेश सिंह ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने उन्हें बताया था कि उसे 5 से 6 लोगों ने मिलकर मारा है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस ने सिर्फ एक व्यक्ति को ही क्यों गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदीप के शरीर से अत्यधिक खून बह गया था, इसलिए वह बयान देने की स्थिति में नहीं था। फिलहाल पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और घटना में अन्य लोगों की संभावित भूमिका समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Read More:

Stock Market Holidays: नवंबर में 11 दिन नहीं खुलेगा शेयर बाजार, अभी नोट कर लें छुट्टियों की पूरी लिस्ट

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments