HomeBreaking Newsमुंबई vs नवी मुंबई एयरपोर्ट: इंटरनेशनल फ्लाइट्स की शिफ्टिंग पर अड़ी विदेशी...

मुंबई vs नवी मुंबई एयरपोर्ट: इंटरनेशनल फ्लाइट्स की शिफ्टिंग पर अड़ी विदेशी एयरलाइंस, 2027 तक खिंच सकता है फैसला

मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने को लेकर अडानी एयरपोर्ट्स और विदेशी एयरलाइंस के बीच गतिरोध गहरा गया है। मुंबई एयरपोर्ट के बड़े पैमाने पर पुनर्विकास कार्य के चलते अडानी ग्रुप उड़ानों को नए हवाई अड्डे पर भेजना चाहता है, लेकिन विदेशी विमानन कंपनियों ने इस प्रस्ताव को तुरंत मानने से इनकार कर दिया है।

बैठक में छूटा कोई ठोस नतीजा

द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 45 अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस का प्रतिनिधित्व करने वाले 50 अधिकारियों और अडानी एयरपोर्ट्स के बीच लगभग डेढ़ घंटे तक चली समीक्षा बैठक बेनतीजा रही। एयरपोर्ट ऑपरेटर ने एयरलाइंस से 3 नवंबर तक अपना ट्रांजिशन प्लान जमा करने को कहा है, जबकि विदेशी एयरलाइंस ने इस बदलाव की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अक्टूबर 2027 तक का वक्त मांगा है। करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित नए एयरपोर्ट पर उड़ानें शुरू करने से पहले एयरलाइंस व्यावसायिक लाभ, उड़ानों के स्लॉट और स्पष्ट जानकारी चाहती हैं। साथ ही उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय के स्लॉट आवंटन नियमों के तहत ही किसी भी बदलाव की मांग रखी है।

टर्मिनल-1 का पुनर्विकास और 2030 तक का नया मास्टर प्लान

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 को अप्रैल 2027 से बंद कर पूरी तरह ढहाया जाएगा और दिसंबर 2030 तक नया टर्मिनल तैयार किया जाएगा। दोनों एयरपोर्ट्स का संचालन संभालने वाले अडानी ग्रुप की योजना के अनुसार, इस पुनर्विकास के बाद टी-1 की सालाना यात्री क्षमता 1.5 करोड़ से बढ़कर 2 करोड़ हो जाएगी। डायरेक्ट एयरक्राफ्ट स्टैंड 7 से बढ़कर 25, चेक-इन काउंटर 74 से बढ़ाकर 109 और बैगेज बेल्ट 5 से 11 कर दिए जाएंगे। इसके अलावा, टर्मिनल-2 के उत्तर-पश्चिम हिस्से में मार्च 2029 तक चार नए बोर्डिंग गेट बनाए जाएंगे, ताकि निर्माण कार्य के दौरान घरेलू उड़ानों का संचालन प्रभावित न हो। वर्ष 2030 तक दोनों हवाई अड्डों की संयुक्त क्षमता 8.5 करोड़ यात्री प्रतिवर्ष हो जाएगी।

भारतीय एयरलाइंस ने शुरू की नवी मुंबई से परिचालन की तैयारी

विदेशी कंपनियों के साथ बातचीत में बने इस पेच के बीच कई प्रमुख भारतीय एयरलाइंस ने नवी मुंबई एयरपोर्ट से अपनी सेवाएं शुरू करने का खाका तैयार कर लिया है। इंडिगो ने फरवरी से जुलाई 2027 के बीच जेद्दा, रियाद, कुवैत, मस्कट और ढाका जाने वाली अपनी 12 दैनिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस इस साल दिसंबर से रोजाना चार घरेलू और बाद में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करेगी। वहीं, अकासा एयर भी दिसंबर माह से ही अपनी मुंबई-जेद्दा फ्लाइट्स को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने जा रही है।

 

READ MORE: टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, 2.50 लाख रुपये में अमृतसर से खरीदी गई थी जिगाना पिस्टल

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments