दिल्ली सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान जान गंवाने वाले कोरोना योद्धा और विभिन्न हादसों में प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को पीड़ित परिवारों को अनुग्रह राशि के चेक वितरित किए। इनमें सत्य निकेतन में भवन हादसे, तुगलकाबाद अग्निकांड और जसोला में डूबने की घटना में जान गंवाने वालों के परिजन शामिल हैं। सरकार की ओर से मृतकों के परिवारों और घायलों को निर्धारित राशि के चेक दिए गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि किसी अपने को खोने का दुख कभी पूरा नहीं हो सकता। ऐसे मुश्किल समय में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी रहे और उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराए।
कोरोना योद्धा के परिवार को भी मिली सहायता
कोरोना महामारी के दौरान दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में कार्यरत रहीं दिवंगत ओमवती के परिवार को भी आर्थिक सहायता दी गई। उनके दो बेटों और तीन बेटियों को सहायता राशि वितरित की गई। महामारी के दौरान ड्यूटी निभाते हुए जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों को राहत पहुंचाना इस सहायता का हिस्सा है। सरकार ने कहा कि संकट के समय अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों को सहारा देना जरूरी है। अनुग्रह राशि से प्रभावित परिवारों को आर्थिक मुश्किलों से निपटने में कुछ मदद मिल सकेगी।
सत्य निकेतन हादसे में मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख
सत्य निकेतन में 7 सितंबर को हुए भवन हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों के परिवारों को भी आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने अक्षत सिंह यादव, अर्पित झा, अभिषेक कुमार और सुरेंद्र सिंह के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये के चेक वितरित किए। इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को सहायता राशि देकर सरकार ने प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने की कोशिश की है। भवन हादसे के कारण परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन आर्थिक सहायता से उन्हें कुछ सहारा मिल सकता है।
पीड़ितों की मदद की
तुगलकाबाद में हुए अग्निकांड के मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी गई। वहीं, घटना में घायलों को दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल दो लोगों को 20-20 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। इसके अलावा, जसोला में डूबने की घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और जरूरत के मुताबिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
Read More
IND vs NZ: भारत से लगातार तीन हार के बाद न्यूजीलैंड को डबल झटका, दो स्टार गेंदबाज पूरी सीरीज से बाहर

