प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने प्रसिद्ध शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ के प्रयागराज स्थित सेंटर को सील कर दिया है। यह कार्रवाई लखनऊ के अलीगंज इलाके में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद चलाए जा रहे सुरक्षा निरीक्षण अभियान के तहत की गई है।
सुरक्षा जांच के दौरान मिली अनियमितताएं
PDA के उपाध्यक्ष ऋषि राज के निर्देश पर सिविल लाइंस स्थित कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान भवन के उपयोग, फायर सेफ्टी व्यवस्था और अन्य जरूरी मानकों की समीक्षा की गई। निरीक्षण के बाद प्राधिकरण ने 23 जून को संस्थान को सील कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कोचिंग में मौजूद छात्रों को बाहर निकलवाया और परिसर को बंद कर दिया। अभियान का नेतृत्व PDA के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह ने किया।
अनुमति संबंधी नियमों का उल्लंघन
अधिकारियों के अनुसार संबंधित भवन को कमर्शियल उपयोग की मंजूरी मिली हुई है, जबकि कोचिंग संस्थान को संचालित करने के लिए ‘कम्युनिटी सर्विस फैसिलिटी’ श्रेणी के तहत अलग अनुमति जरूरी होती है। PDA का कहना है कि कोचिंग संस्थान के पास इस श्रेणी की वैध अनुमति उपलब्ध नहीं थी। इसी आधार पर संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सील तोड़ने पर होगी कानूनी कार्रवाई
कोचिंग सेंटर के मुख्य द्वार पर चस्पा नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति के संस्थान दोबारा संचालित करने या सील तोड़ने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यहां तक की जरूरत पड़ने पर FIR भी दर्ज की जा सकती है।
लखनऊ अग्निकांड के बाद हुई सख्ती
22 जून को लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्यभर में कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष रूप से फायर सेफ्टी मानकों, भवन उपयोग और बेसमेंट में चल रही गतिविधियों की जांच करने को कहा है। इसके बाद विभिन्न जिलों में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया गया है।
Read More
लंदन हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, नीरव मोदी को बैंक ऑफ इंडिया को चुकाने होंगे 10.7 मिलियन डॉलर

