भारत और ब्राजील के रिश्तों को और मजबूती मिली है। दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर हस्ताक्षर किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के बीच हुई वार्ता में कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी, जिनसे दोनों अर्थव्यवस्थाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
PM मोदी ने राष्ट्रपति लूला का किया स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति लूला और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि उनके विजन और नेतृत्व ने भारत–ब्राजील संबंधों को लगातार मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच पिछले वर्षों में कई मुलाकातें हुई हैं और हर बार भारत के प्रति राष्ट्रपति लूला की मित्रता और विश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि यह दौरा ऐतिहासिक AI इम्पैक्ट समिट को नई ऊर्जा देगा और रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करेगा।
व्यापार को 20 अरब डॉलर से आगे ले जाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि ब्राजील, लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर से आगे ले जाने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि व्यापार केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि आपसी भरोसे और सहयोग का प्रतीक है। राष्ट्रपति लूला के साथ आए बड़े बिजनेस प्रतिनिधिमंडल को उन्होंने इसी विश्वास का संकेत बताया।
टेक्नोलॉजी क्षेत्र पर दिया विशेष जोर
वार्ता में टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और डिजिटल सहयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इकोसिस्टम में साझेदारी से न केवल भारत और ब्राजील को लाभ होगा, बल्कि पूरे ग्लोबल साउथ को नई दिशा मिलेगी। दोनों देशों ने विकासशील राष्ट्रों के हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
Read More
