BJP Leader Nitin Nabin Lucknow Visit: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के लखनऊ दौरे का रविवार को दूसरा दिन है। आज उनका पूरा कार्यक्रम संगठन को मजबूत करने और मिशन 2027 की रणनीति को आगे बढ़ाने पर रहेगा। दिनभर वे भाजपा के बड़े नेताओं, सहयोगी दलों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे।
NDA नेताओं और डिप्टी CM से मुलाकात
आज नितिन नबीन सबसे पहले भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ चाय पर संवाद करेंगे। इसके बाद वे एनडीए नेताओं के साथ बैठक कर आगामी राजनीतिक रणनीति पर बातचीत करेंगे। वहीं, ‘दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ अलग-अलग संवाद करेंगे।’ इन बैठकों में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल सहित आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन होने की संभावना है।
शक्ति केंद्र सम्मेलन और बूथ स्तर पर फोकस
दोपहर में नितिन नबीन राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचेंगे, जहां वे भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे वह लखनऊ के पीर नगर स्थित भाजपा के बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जाएंगे। यहां बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों, संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर बातचीत करेंगे।
2027 चुनाव को लेकर दिया जीत का मंत्र
शनिवार को लखनऊ दौरे के पहले दिन नितिन नबीन ने योगी सरकार के मंत्रियों, भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ बैठक की है। बैठक से पहले उन्होंने प्राचीन हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान के दर्शन और पूजा-अर्चना की है। इसके बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का संदेश दिया और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर दिया।
सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि ‘2027 में भी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से यूपी में डबल इंजन की सरकार बनेगी।’ उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और मोदी जी-योगी जी की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से हर गांव में प्रवास करने, हर घर और हर मतदाता तक पहुंचने और सरकार की योजनाओं और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की अपील की है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
नितिन नबीन ने कहा कि ‘सपा-कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के बहकावे में न आने और विकास के एजेंडे पर काम करने की अपील की। साथ ही कहा कि ‘प्रभु श्रीराम की भूमि, बाबा काशी विश्वनाथ की नगरी और मथुरा की नगरी में मुझे जो सम्मान मिला है, इससे मैं अभिभूत हूं।’
Read More:
होशियारपुर नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग शुरू, शाम 4 बजे तक डाले जाएंगे वोट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

