BJP Uttar Pradesh: भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश टीम की नई प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक शुक्रवार को लखनऊ में प्रदेश मुख्यालय में होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी इसमें मौजूद रहेंगे। बैठक में नई टीम को संगठन की कार्यशैली, पार्टी की नीतियों और आगामी जिम्मेदारियों के बारे में बताया जाएगा।
मिशन-2027 पर रहेगा फोकस
भाजपा ने लंबे इंतजार के बाद अपनी जंबो प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया है। नई टीम की घोषणा के अगले ही दिन बैठक बुलाकर संगठन ने साफ संकेत दिया है कि अब पूरा फोकस मिशन-2027 की तैयारियों पर रहेगा। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह 64 सदस्यीय नई टीम को चुनावी प्रबंधन का मंत्र देंगे।
नई कार्यकारिणी में युवाओं को मिला मौका
नई प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री और मंत्री के रूप में 46 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा छह क्षेत्रीय अध्यक्ष और छह मोर्चों के अध्यक्ष भी मनोनीत किए गए हैं। वहीं कार्यालय मंत्री और प्रवक्ता के तौर पर छह अन्य चेहरों को टीम में शामिल किया गया है। कार्यकारिणी में बड़ी संख्या में युवा चेहरों को अवसर दिया गया है, जबकि मोर्चों में अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
परिचय बैठक में देंगे संगठन का मंत्र
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया, ‘हर क्षेत्र व जाति से अनुभवी व पार्टी नीतियों के प्रति समर्पित चेहरों को मौका दिया गया है।’ शुक्रवार दोपहर बाद प्रदेश मुख्यालय में पहले सत्र के दौरान परिचय बैठक होगी। इसके बाद सभी पदाधिकारियों को संगठन की अपेक्षाओं और चुनावी तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
पुराने नेताओं का भी मिलेगा सहयोग
चूंकि नई टीम के पास चुनावी तैयारियों के लिए ज्यादा समय नहीं होगा, इसलिए संगठन को मजबूत करने के लिए अनुभवी नेताओं का सहयोग भी होगा । चर्चा है कि प्रदेश संगठन में लंबे समय तक जिम्मेदारी निभा चुके नेताओं को भी बैठक में बुलाया जा सकता है, ताकि नई टीम को उनके अनुभव का लाभ मिल सके।
Read More:

