बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब सम्राट चौधरी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे और 15 अप्रैल को बिहार लोक भवन में शपथ लेंगे। नई सरकार के गठन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है।
दो डिप्टी सीएम के साथ बनेगी सरकार
जानकारी के अनुसार, सम्राट चौधरी के साथ वरिष्ठ नेता विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी भी शपथ लेंगे। दोनों को डिप्टी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। माना जा रहा है कि यह नई सरकार का प्रारंभिक मंत्रिमंडल होगा, जबकि अन्य मंत्रियों का विस्तार बाद में किया जाएगा।
मंत्रिमंडल में संतुलन पर जोर
सूत्रों के मुताबिक, इस बार कैबिनेट गठन में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ओबीसी, दलित, सवर्ण और महिला प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए मंत्रियों का चयन किया जाएगा। साथ ही युवा और अनुभवी नेताओं का संतुलित मिश्रण भी देखने को मिल सकता है।
संभावित मंत्रियों के नाम सामने आए
जेडीयू कोटे से श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह और मदन सहनी जैसे नाम चर्चा में हैं। वहीं बीजेपी की ओर से विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव और दिलीप जायसवाल को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इसके अलावा सहयोगी दलों एलजेपी, हम और आरएलएम को भी प्रतिनिधित्व मिलने की संभावना है।
शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी
शपथ ग्रहण समारोह बिहार लोक भवन में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। हालांकि, पूरी मंत्रिमंडल सूची को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा बाकी है। अब सभी की नजरें 15 अप्रैल को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां नई सरकार की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।
Read More
भुखमरी के कगार पर कंगाल पाकिस्तान, एक बंडल नोट से भी नहीं भर रहा सब्जियों का झोला

