मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के तहत पंजाब पुलिस ने 29वें दिन राज्यभर में बड़ी कार्रवाई की। बुधवार को गैंगस्टरों के सहयोगियों से जुड़े 689 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
यह अभियान 20 जनवरी 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य पंजाब को गैंगस्टर मुक्त बनाना है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं।
196 बदमाश गिरफ्तार
29वें दिन की कार्रवाई में पुलिस ने 196 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक हथियार भी बरामद किया गया है। इसके अलावा 78 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई, जबकि 232 लोगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
गैंगस्टरों को पकड़ने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे गैंगस्टरों के बारे में गुप्त सूचना एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर दें। किसी भी आपराधिक गतिविधि से जुड़ी जानकारी साझा कर राज्य को अपराध मुक्त बनाने में सहयोग किया जा सकता है।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा और गैंग नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए कार्रवाई लगातार तेज की जाएगी।
Read More

