Amazon Layoffs: अमेजन ने अपने ‘डिवाइस यूनिट’ में करीब 250 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। यही यूनिट किंडल ई-रीडर और इको स्मार्ट स्पीकर जैसे प्रोडक्ट तैयार करती है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभावित कर्मचारियों को सुबह ईमेल और टेक्स्ट मैसेज भेजकर नौकरी जाने की जानकारी दी गई। हालांकि, अमेजन ने अपने आधिकारिक बयान में प्रभावित पदों की संख्या नहीं बताई है।
कंपनी ने बताया क्यों लिया फैसला?
रिपोर्ट में अमेजन की वाइस प्रेसिडेंट चेरी रॉबिन्सन के एक ईमेल का जिक्र किया गया है। इसमें बताया गया कि कंपनी ने अपने स्ट्रक्चर की गहन समीक्षा की है, जिसके बाद कुछ पदों को खत्म करने का फैसला लिया गया। अमेजन के प्रवक्ता ने भी छंटनी की पुष्टि करते हुए कहा कि कंपनी ने कुछ पदों को खत्म करने का मुश्किल फैसला लिया है।
AI के दौर में बदल रही सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग
कंपनी के अनुसार, इस बदलाव से अमेजन को अधिक कुशलता से काम करने और अपने प्रोडक्ट रोडमैप के साथ बेहतर तालमेल बिठाने में मदद मिलेगी। छंटनी से एक दिन पहले अमेजन ने अपनी इंजीनियरिंग लीडरशिप का सितंबर का एक मेमो जारी किया था। इसमें एआई के दौर में डेवलपर्स की बदलती भूमिका पर चर्चा की गई थी।
डेवलपर्स को बदलाव अपनाने की सलाह
मेमो में कहा गया था कि हम सभी को इस बदलाव को अपनाना होगा और सीखने के लिए समय निकालना होगा, वरना हम पीछे छूट सकते हैं। इसमें यह भी कहा गया कि सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के काम में एआई सबसे अहम भूमिका निभाएगा। ऐसे में कंपनी की हालिया छंटनी को टेक्नोलॉजी और एआई के बदलते दौर से जोड़कर देखा जा रहा है।
नए एलेक्सा डिवाइस लॉन्च करने के बाद छंटनी
यह छंटनी ऐसे समय हुई है जब अमेजन ने एलेक्सा पर चलने वाले पांच नए डिवाइस पेश किए हैं। इनमें नए डिजाइन वाला ‘इको शो 16’ स्मार्ट डिस्प्ले, ‘एलेक्सा फोटो फ्रेम’ और बेडसाइड पर रखने वाली ‘इको टाइम’ घड़ी शामिल हैं। इन डिवाइस को अमेजन की ‘डिवाइस यूनिट’ ने ही तैयार किया है।
पहले भी हजारों कर्मचारियों की जा चुकी है नौकरी
अमेजन इससे पहले भी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी कर चुका है। इसी महीने कंपनी ने अपने मुख्य रिटेल डिवीजन से लगभग 1,000 कर्मचारियों को हटाने का फैसला लिया था। जनवरी में कंपनी ने 16,000 पदों में कटौती की घोषणा की थी, जबकि पिछले साल अक्टूबर में भी 14,000 लोगों को नौकरी से निकाला गया था।
एआई में अरबों डॉलर का निवेश
एक तरफ अमेजन कर्मचारियों की संख्या कम कर रहा है, तो दूसरी ओर एआई के क्षेत्र में भारी निवेश कर रहा है। माना जा रहा है कि कंपनी अकेले इस साल एआई में 220 अरब डॉलर तक का निवेश कर सकती है। वहीं, टेक सेक्टर में छंटनी का सिलसिला सिर्फ अमेजन तक सीमित नहीं है।
टेक सेक्टर में जारी है नौकरियों की कटौती
Layoffs.fyi के अनुसार, इस साल अब तक 1,35,000 से ज्यादा टेक नौकरियां खत्म हो चुकी हैं। हाल ही में ड्रॉपबॉक्स ने अपने ग्लोबल वर्कफोर्स का 9 प्रतिशत कम करने की घोषणा की है। दूसरी ओर, माइक्रोसॉफ्ट ने लगभग 60,000 कर्मचारियों को, जो उसके कुल वर्कफोर्स का करीब एक-चौथाई हिस्सा है, स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है।
Read More:
Whats App पर शादी का कार्ड भेजकर बैंक खाते साफ करने वाला गिरोह बेनकाब, तीन आरोपी गिरफ्तार

