HomeBreaking NewsCM रेखा गुप्ता ने तमिलनाडु के 84 सदस्यीय युवा दल को दिया...

CM रेखा गुप्ता ने तमिलनाडु के 84 सदस्यीय युवा दल को दिया दिल्ली मॉडल देखने का न्योता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में तमिलनाडु से आए 84 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। यह दल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत राजधानी पहुंचा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों और उनके साथ आए फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर देते हैं। इससे आपसी सहयोग और राष्ट्रीय एकता को भी बढ़ावा मिलता है।

CM रेखा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाना है। युवा संगम के माध्यम से विद्यार्थी दूसरे राज्यों की भाषा, खान-पान, रहन-सहन और सांस्कृतिक परंपराओं को जान सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता में छिपी है और यही विविधता देश को मजबूत बनाती है।

तमिलनाडु की संस्कृति और विकास की सराहना

रेखा गुप्ता ने तमिलनाडु की समृद्ध विरासत, साहित्य, कला और ज्ञान परंपरा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और उद्योग के क्षेत्र में भी इस राज्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि दिल्ली में रहने के दौरान युवा प्रतिनिधिमंडल को राजधानी के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

मेट्रो, ई-बसों और EV नीति को जानने का न्योता

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को दिल्ली के आधुनिक परिवहन नेटवर्क, मेट्रो सेवाओं, इलेक्ट्रिक बसों और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) नीति के बारे में जानकारी लेने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने युवाओं से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने की अपील भी की। साथ ही, दिल्ली को स्वच्छ, आधुनिक और लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने से जुड़े अपने सुझाव साझा करने को कहा।

CM रेखा ने कहा कि युवाओं की शिक्षा, कौशल और नए विचार वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल से दिल्ली में मिले अनुभवों को अपने परिवार, दोस्तों और समाज के साथ साझा करने की अपील की, ताकि राज्यों के बीच आपसी समझ और मजबूत हो सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments