Apple ने नए MacBook Pro मॉडल पेश किए हैं, जिनमें डिस्प्ले से लेकर डिजाइन तक कई बदलाव किए गए हैं। नए मॉडल की सबसे बड़ी खासियत OLED डिस्प्ले और टचस्क्रीन सपोर्ट है। कंपनी ने पहली बार MacBook में टच के जरिए कंटेंट और ऐप्स इस्तेमाल करने की सुविधा दी है। इसके अलावा, नए लैपटॉप में Dynamic Island, बेहतर ब्राइटनेस और बदला हुआ थर्मल डिजाइन भी दिया गया है। हालांकि, प्रोसेसर, मेमोरी, स्टोरेज और बैटरी से जुड़े विकल्पों में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं।
OLED डिस्प्ले में 2000 निट्स तक ब्राइटनेस
नए MacBook Pro में कंपनी ने PROLED XDR नाम से डिस्प्ले पेश किया है। इसमें OLED टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है, जो Apple के iPad Pro मॉडल्स में भी देखने को मिलती है। कंपनी के मुताबिक, डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 2000 निट्स तक है। इससे तेज रोशनी में स्क्रीन पर कंटेंट देखने में मदद मिल सकती है। नए पैनल में 10Hz से 120Hz तक का रिफ्रेश रेट दिया गया है। साथ ही P3 और Adobe RGB कलर कवरेज का सपोर्ट भी मिलता है। ये खूबियां फोटो एडिटिंग, वीडियो प्रोडक्शन और दूसरे क्रिएटिव काम करने वाले यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकती हैं।
Dynamic Island भी शामिल
नए MacBook Pro में टचस्क्रीन सपोर्ट दिया गया है, जिससे यूजर्स स्क्रीन पर सीधे टैप करके ऐप्स और कंटेंट के साथ इंटरैक्ट कर सकेंगे। हालांकि, इसमें पेन या स्टायलस सपोर्ट शामिल नहीं किया गया है। Apple ने डिस्प्ले के ऊपरी हिस्से में भी बदलाव किया है। पुराने नॉच की जगह Dynamic Island दिया गया है। हालांकि, MacBook Pro में Face ID का सपोर्ट नहीं है। यूजर्स को सुरक्षित लॉगइन और ऑथेंटिकेशन के लिए Touch ID की सुविधा मिलती है।
कीमत 3.49 लाख रुपये से शुरू
नए मॉडल को पहले के MacBook Pro की तुलना में थोड़ा पतला और हल्का बनाया गया है। कंपनी ने इसके आकार में कुछ मिलीमीटर की कमी की है और वजन भी करीब 200 से 300 ग्राम तक घटाया है। इंटरनल थर्मल डिजाइन में भी बदलाव किया गया है, ताकि गर्म हवा को बेहतर तरीके से बाहर निकाला जा सके। नए MacBook Pro में M5 Pro और M5 Max चिपसेट के विकल्प दिए गए हैं। मेमोरी और स्टोरेज के विकल्पों के साथ कनेक्टिविटी और बैटरी लाइफ में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं बताया गया है। कीमत की बात करें तो 14 इंच वाले मॉडल की शुरुआती कीमत 3,49,900 रुपये रखी गई है। वहीं, 16 इंच वाले मॉडल की कीमत 4,09,900 रुपये है। दोनों स्क्रीन साइज में M5 Pro और M5 Max चिपसेट वाले विकल्प उपलब्ध होंगे।
Read More
करवाचौथ पर सोने-चांदी के दाम में उछाल, खरीदारी से पहले जानें आज के ताजा रेट!

