India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार को लेकर बातचीत अब निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि दोनों देश ट्रेड डील के काफी करीब हैं और समझौता किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि इस बार होने वाला समझौता पहले के व्यापार समझौतों से अलग स्वरूप का हो सकता है। ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि डील में किस तरह के बदलाव होंगे या इस पर अंतिम मुहर कब लगेगी।
जयशंकर से मुलाकात में व्यापार और ऊर्जा पर रुबियो ने की चर्चा
भारत दौरे के दौरान रुबियो ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच व्यापार के साथ ऊर्जा, तकनीक और रक्षा सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। रुबियो ने भारत से अमेरिकी ऊर्जा और तकनीकी उत्पादों की खरीद बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
पीयूष गोयल और ग्रीर की भी हुई मुलाकात
इसी महीने की शुरुआत में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जैमिसन ग्रीर से मिलवॉकी में G20 ट्रेड मिनिस्टर्स बैठक के दौरान मुलाकात की थी। दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने और वार्ता को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
फरवरी में तैयार हुआ था BTA के पहले चरण का ढांचा
भारत और अमेरिका ने फरवरी 2026 में द्विपक्षीय व्यापार समझौते यानी BTA के पहले चरण के लिए ढांचा तैयार करने की घोषणा की थी। हालांकि, बाद में अमेरिकी टैरिफ व्यवस्था में हुए बदलावों के कारण वार्ता को नए सिरे से आगे बढ़ाना पड़ा।
अमेरिकी राजदूत भी बता चुके हैं डील करीब
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने हाल ही में कहा था कि बातचीत तेज गति से आगे बढ़ रही है और समझौते के बड़े हिस्सों पर सहमति बन चुकी है। वहीं, रुबियो ने भी कहा है कि दोनों देश समझौते के बेहद करीब हैं और अब सीमित संख्या में मुद्दों को अंतिम रूप देना बाकी है।
डील के स्वरूप पर बनी हुई है उत्सुकता
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ट्रंप जिस अलग तरह की डील की बात कर रहे हैं, उसका वास्तविक स्वरूप क्या होगा। फिलहाल अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसकी जानकारी नहीं दी है। इसलिए समझौते की अंतिम शर्तें और उसमें होने वाले बदलाव दोनों देशों की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होंगे।
Read More:

