अमेरिका की आजादी की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर वाला विशेष 1 डॉलर का सिक्का बाजार में उतारा गया है। अमेरिकी मिंट ने बुधवार दोपहर 12 बजे इसकी बिक्री शुरू की, लेकिन मांग इतनी ज्यादा रही कि लॉन्च के करीब तीन घंटे बाद ही सिक्का आउट ऑफ स्टॉक हो गया। खास बात यह है कि इस सिक्के पर किसी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर लंबे समय बाद दिखाई गई है।
2.44 डॉलर में एक सिक्का
अमेरिकी मिंट ने एक सिक्के की कीमत 2.44 डॉलर यानी करीब 230 रुपये रखी थी। इसे 25 और 100 सिक्कों के पैक में भी खरीदा जा सकता था। 25 सिक्कों वाले पैक की कीमत 61 डॉलर, जबकि 100 सिक्कों के पैक के लिए 154.50 डॉलर निर्धारित किए गए थे। बिक्री शुरू होने के करीब 30 मिनट बाद ही अमेरिकी मिंट की वेबसाइट पर खरीदारों को वेटिंग एरिया में भेजा जाने लगा। यहां लगभग एक घंटे का इंतजार बताया जा रहा था। गुरुवार दोपहर 2 बजे तक एक परिवार के लिए अधिकतम दो खरीदारी की सीमा तय की गई थी।
सिक्के के सामने वाले हिस्से पर डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर के साथ ‘IN GOD WE TRUST’ और ‘LIBERTY’ लिखा है। पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति की मुहर और देश की 250वीं वर्षगांठ को दर्शाने वाला ‘250’ अंक दिया गया है। अमेरिकी मिंट के मुताबिक, 2.5 लाख सिक्कों को खास ‘4 जुलाई’ निशान के साथ रैंडम तरीके से रोल और बैग में रखा गया है। इन सिक्कों का निर्माण 4 जुलाई को हुआ था, जिस दिन अमेरिका में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है।
जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर को लेकर कानून में क्या है प्रावधान?
अमेरिकी मिंट के अनुसार, किसी जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर सिक्के पर इससे पहले 1926 में दिखाई गई थी। उस समय राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज की तस्वीर स्वतंत्रता की घोषणा पर हस्ताक्षर की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर जारी आधे डॉलर के सिक्के पर छापी गई थी। अमेरिकी कानून सामान्य तौर पर किसी जीवित राष्ट्रपति या पूर्व राष्ट्रपति की तस्वीर को सिक्के पर लगाने की अनुमति नहीं देता। हालांकि अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के लिए कांग्रेस ने ‘Circulating Collectible Coin Redesign Act’ पारित किया। इसके तहत ट्रेजरी विभाग को इस अवसर पर विशेष 1 डॉलर के सिक्के जारी करने की अनुमति दी गई।
कानून में यह भी प्रावधान रखा गया कि सिक्के के पिछले हिस्से पर किसी जीवित व्यक्ति का पोर्ट्रेट नहीं लगाया जा सकता। ट्रंप की तस्वीर सिक्के के आगे वाले हिस्से पर है, इसलिए इसे इस व्यवस्था के अनुरूप माना गया है।
Read More
14 साल का इंतजार खत्म ! जेवर वासियों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे हुआ टोल फ्री, बस करना होगा ये काम

