मानसून के दौरान जलभराव और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए लुधियाना नगर निगम ने इस बार हाईटेक व्यवस्था लागू की है। शहरवासियों की सुविधा के लिए मानसून हेल्पलाइन नंबर और WhatsApp चैटबॉट (9086791867) लॉन्च किया गया है। इसकी शुरुआत मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर और नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने की।
24 घंटे काम करेगा ‘मानसून वॉर रूम’
नगर निगम कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने बताया कि बारिश के मौसम में हालात पर नजर रखने के लिए जोन-डी कार्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) को ‘मानसून वॉर रूम’ में बदला गया है। उन्होंने कहा कि यह वॉर रूम पूरे मानसून सीजन में 24×7 सक्रिय रहेगा और शहर में किसी भी समस्या की स्थिति में फील्ड टीमों के साथ तुरंत तालमेल कर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
1700 CCTV कैमरों से होगी निगरानी
नगर निगम ने शहरभर में लगे करीब 1,700 CCTV कैमरों को कंट्रोल सेंटर से जोड़ दिया है। इन कैमरों के जरिए अधिकारी पूरे शहर की लाइव मॉनिटरिंग करेंगे, जिससे जलभराव, सड़क पर पानी जमा होने, पेड़ गिरने या अन्य आपात स्थितियों की तुरंत जानकारी मिल सकेगी।
WhatsApp पर दर्ज करा सकेंगे शिकायत
नागरिक WhatsApp चैटबॉट और हेल्पलाइन नंबर 9086791867 पर सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत मिलते ही संबंधित फील्ड टीमों को मौके पर भेजा जाएगा ताकि समस्या का जल्द समाधान किया जा सके।
नगर निगम का कहना है कि इस नई व्यवस्था से मानसून के दौरान जलभराव और अन्य समस्याओं पर तेजी से कार्रवाई संभव होगी। हाईटेक निगरानी सिस्टम और डिजिटल शिकायत सुविधा के जरिए लोगों को राहत देने और शहर में बेहतर आपदा प्रबंधन करने में सहायता मिलेगी।
Read More
‘दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं…’ राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बोले UP भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी

