PM Narendra Modi Seychelles Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर रहेंगे। वह सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉक्टर पैट्रिक हर्मिनी के खास आमंत्रण पर राष्ट्रीय दिवस स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि बनकर शामिल होंगे। इस दौरे को भारत और सेशेल्स के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने के लिहाज से बहुत अहम माना जा रहा है।
राष्ट्रपति के साथ होगी बातचीत
विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति डॉक्टर पैट्रिक हर्मिनी के बीच बैठक होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग के सभी प्रमुख क्षेत्रों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बातचीत होने की संभावना है।
संसद को करेंगे संबोधित
सेशेल्स दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी वहां की संसद को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह सेशेल्स में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात कर बातचीत भी करेंगे। इस यात्रा के जरिए दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।
11 साल बाद होगा दूसरा दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले वर्ष 2015 में सेशेल्स की यात्रा पर गए थे। अब 11 साल बाद वह दूसरी बार सेशेल्स पहुंचेंगे। ऐसे में इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।
भारतीय रक्षा बल भी होंगे समारोह का हिस्सा
विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत और सेशेल्स के मजबूत रक्षा एवं कूटनीतिक संबंधों के तहत राष्ट्रीय दिवस स्वर्ण जयंती समारोह में भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी हिस्सा लेंगे। इसे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और आपसी विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
भारत के लिए क्यों अहम है सेशेल्स?
भारत के महासागर विजन के तहत सेशेल्स एक अहम समुद्री पड़ोसी देश है। हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, समुद्री डकैती पर रोक और सुरक्षित व्यापारिक मार्ग बनाने में सेशेल्स की भौगोलिक स्थिति भारत के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जाती है। यही वजह है कि दोनों देशों के बीच समुद्री और रक्षा सहयोग लगातार मजबूत हुआ है।
द्वीपीय देशों के साथ साझेदारी होगी मजबूत
भारत लंबे समय से वैश्विक मंचों पर विकासशील और द्वीपीय देशों की आवाज को मजबूती से उठाता रहा है। सेशेल्स की यह यात्रा उसी को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। भारत ने समय-समय पर सेशेल्स के बुनियादी ढांचे और रक्षा तंत्र को मजबूत करने में सहयोग दिया है, जबकि इस दौरे में भारतीय नौसेना के युद्धपोतों और सैन्य टुकड़ी की भागीदारी दोनों देशों के गहरे और भरोसेमंद रिश्तों को भी दर्शाती है।
Read More:
दिल्ली में पति बना हैवान! घरेलू विवाद के बाद पत्नी को मारी गोली, खौफनाक वारदात के बाद हुआ फरार

