Delhi Wife Murder Case: दक्षिणी दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। संगम विहार इलाके में बृहस्पतिवार रात एक पति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
33 साल की कविता की हुई मौत
पुलिस ने मृतका की पहचान 33 साल की कविता के रूप में की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद फोरेंसिक और क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से गोली के दो-तीन खोखे भी बरामद हुए हैं।
आरोपी पति की तलाश जारी
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति शुभम राजपूत की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शुभम राजपूत संगम विहार में अमृता पब्लिक स्कूल के पास के-टू इलाके में अपने मकान में रहता है। वह एक निजी कंपनी में फाइनेंस का काम करता है। शुभम और कविता की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी।
आर्थिक तंगी को लेकर होता था विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दंपती के बीच आर्थिक परेशानी को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। बृहस्पतिवार शाम शुभम जब ऑफिस से घर लौटा तो दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर उसने पिस्टल से कविता पर दो-तीन गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गया।
पिस्टल कहां से आई?
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि निजी नौकरी करने वाले शुभम के पास पिस्टल कहां से आई। साथ ही हत्या के पीछे की पूरी वजह का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले से जुड़े सवालों के जवाब मिल सकेंगे।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Read More:
देवरिया को आज 456.38 करोड़ की सौगात देंगे CM योगी, 106 विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

