HomeBreaking Newsवाराणसी से दुनिया का सफर हुआ आसान! देश की पहली 'हब एंड...

वाराणसी से दुनिया का सफर हुआ आसान! देश की पहली ‘हब एंड स्पोक’ विमान सेवा शुरू, गंगा आरती से हुआ शुभारंभ

Varanasi Airport Hub-and-Spoke Service: शिव की नगरी वाराणसी से देश की पहली ‘हब एंड स्पोक’ विमान सेवा की शुरुआत हो गई है। एयर इंडिया की ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा के तहत वाराणसी को प्राइमरी स्पोक के रूप में जोड़ा गया है। इस ऐतिहासिक उड़ान के उद्घाटन समारोह में खास तौर पर गंगा आरती का आयोजन किया गया है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद पूर्वांचल के यात्रियों के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और सरल हो जाएगी। इससे बनारस से दुनिया के कई प्रमुख शहरों तक पहुंचना आसान होगा।

17 वैश्विक शहरों से कनेक्टिविटी

एयर इंडिया की ईजी कनेक्ट उड़ान (AI1111) रोजाना सुबह 9:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी। इस सेवा के जरिए यात्रियों को लंदन, पेरिस, दुबई, सिंगापुर समेत 17 वैश्विक शहरों तक बेहतर और सहज कनेक्टिविटी मिलेगी। एयर इंडिया का यह नेटवर्क दिल्ली को मुख्य हब बनाकर संचालित किया जाएगा।

वाराणसी में ही होगा इमिग्रेशन

नई प्रणाली के तहत विदेश जाने वाले यात्रियों का इमिग्रेशन और बैगेज चेक-इन वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ही पूरा किया जाएगा। इसके बाद यात्री दिल्ली पहुंचेंगे, जहां उन्हें चार घंटे के भीतर अपनी अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिंग फ्लाइट उपलब्ध हो जाएगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा प्रक्रिया अधिक सुगम बनेगी।

बैगेज ट्रांसफर की परेशानी खत्म

इस पहल का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि वाराणसी और पूर्वांचल के यात्रियों को अब दिल्ली या मुंबई जैसे बड़े हवाई अड्डों पर इमिग्रेशन और बैगेज ट्रांसफर की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। इससे यात्रियों को बार-बार सामान की औपचारिकताएं पूरी करने की जरूरत नहीं होगी और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों तक पहुंच पहले से अधिक आसान हो जाएगी।

पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

एयर इंडिया की इस नई सेवा को पूर्वांचल में एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ा फैसला माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और टूरिस्टों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

केंद्रीय मंत्री ने किया परियोजनाओं का निरीक्षण

सेवा के शुभारंभ से पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू वाराणसी पहुंचे। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निर्माणाधीन न्यू टर्मिनल भवन, मल्टी लेवल कार पार्किंग, एलिवेटेड रोड और टनल परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और निर्देश भी दिए।

2,800 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वाराणसी में देश के सबसे आधुनिक और बेहतरीन हवाई अड्डों में से एक विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह लगभग 2,800 करोड़ रुपये की परियोजना है, जिसे अगले 15 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। नए टर्मिनल भवन के डिजाइन में काशी विश्वनाथ मंदिर की वास्तुकला और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को भी शामिल किया गया है।

रनवे होगा 4000 मीटर लंबा

केंद्रीय मंत्री के अनुसार हवाई अड्डे के विस्तार कार्य के तहत रनवे को भी बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान विस्तार योजना के तहत रनवे की लंबाई बढ़ाकर 4000 मीटर की जाएगी। इससे बड़े विमानों का संचालन आसान होगा और वाराणसी की घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।

Read More:

‘पासपोर्ट सिर्फ यात्रा का दस्तावेज, नागरिकता का सबूत नहीं…’ विदेश मंत्रालय ने दिया बड़ा बयान

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments